बसंतपुर गांव की मुख्य सड़क बनी तालाब, ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी : राहगीरों को कीचड़ और गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jun 26, 2025
बहराइच। स्वच्छ भारत मिशन की जमीनी हकीकत को उजागर करता हुआ मामला तहसील कैसरगंज के ब्लॉक हजूरपुर अंतर्गत ग्राम सभा बसंतपुर से सामने आया है। पहली ही बारिश ने ग्राम पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल दी है। गांव से निकलने वाला मुख्य मार्ग पानी से लबालब भर गया है, जिससे ग्रामीणों का घर से निकलना दूभर हो गया है। गांव की सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिससे राहगीरों को कीचड़ और गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे न केवल आवागमन में दिक्कत हो रही है, बल्कि बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। गांववासियों ने मिलकर खुद ही रास्ते की सफाई शुरू कर दी है और ग्राम प्रधान व स्थानीय प्रशासन से नाली की व्यवस्था कर पानी की निकासी कराने की मांग की है, ताकि यह पानी किसी निचली जगह जाकर एकत्र हो सके और सड़क पर जलभराव से मुक्ति मिले। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। प्रशासन से आग्रह किया गया है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर स्थायी समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन