दिल्ली में हुए बम धमाकों के बाद सीमा पर हाई अलर्ट : अधिकारियों ने सीमा का किया दौरा, सुरक्षा बढ़ाई, कड़ी जाँच के दिए आदेश
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 11, 2025
रूपईडीहा, बहराइच। राजधानी दिल्ली में हुए बम धमाकों के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा सीमा पर पेट्रोलिंग और निरीक्षण तेज कर दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी नानपारा प्रद्युम्न सिंह ने रविवार को अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “परिस्थिति को देखते हुए सीमा पर हो रहे आवागमन की गहनता से जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बिना पहचान-पत्र के किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” इसी के साथ सीमा पर तैनात एसएसबी की 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने भी जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि डॉग स्क्वॉड और अन्य जाँच दलों की मदद से प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की सख्ती से तलाशी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात जवानों को विशेष सतर्कता और कड़ा अनुपालन रखने के लिए कहा गया है। निरीक्षण टीम ने सीमा पर सुरक्षा चौकियों व पेट्रोलिंग रूटों पर अतिरिक्त जवान तैनात कर दिए हैं और सभी प्रवेश-पथों पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। अधिकारियों ने कहा कि संभावित अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर सीमा के पार प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि जनता की सुरक्षा प्राथमिकता है, इसलिए यात्रा करने वाले लोगों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपने पहचान-पत्र साथ रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत सीमा सुरक्षा बल या स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ाए हुए है। संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी जारी रहेगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन नियंत्रण नियमित रूप से समीक्षा के बाद आवश्यकतानुसार और सख्त किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन