आईजी ने डीएम व एसपी के साथ थाना हरदी में की पीस कमेटी की बैठक : सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा कर दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Sep 17, 2025
बहराइच। आसन्न त्यौहारों के दृष्टिगत आईजी देवीपाटन मण्डल अमित पाठक ने जनपद का भ्रमण किया। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह के साथ थाना हरदी में आयोजित पीस कमेटी की बैठक के दौरान मौजूद संभ्रान्तजन से अपील की कि मॉ दुर्गा पूजा, विजयदशमी (दशहरा) इत्यादि आसन्न त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में शान्तिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। आईजी श्री पाठक ने कहा कि शान्ति व्यवस्था के दृष्टिगत जनपद में प्रत्येक स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शान्ति समिति की बैठक की जा रही है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में आसन्न त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। कानून एवं शान्ति व्यवस्था के निमित सुरक्षा बलों के साथ-साथ जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, उप जिलाधिकारी महसी आलोक प्रसाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष आलोक सिंह अन्य अधिकारी व संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन