प्रभागीय वनाधिकारी ने रूपईडीहा रेंज के पौधरोपण स्थलों का किया निरीक्षण : संबंधित कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 11, 2025
रूपईडीहा, बहराइच। प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. राम सिंह यादव एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी नानपारा राशिद जमील ने रुपईडीहा रेंज के विभिन्न पौधरोपण स्थलों एवं पौधशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पौधरोपण की गुणवत्ता, पौधों की स्थिति एवं देखभाल व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण की शुरुआत इन्डो-नेपाल बॉर्डर से रुपईडीहा रेलवे स्टेशन तक स्थित पी-1 क्षेत्र से की गई। जहां वर्ष 2023 में 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधरोपण किया गया था। इसके बाद रंजीतबोझा गांव से बक्शीगांव बैरियर तक फैले 5 हेक्टेयर क्षेत्र में वर्ष 2023 में ही संपन्न पौधरोपण कार्य की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने हाल ही में वर्ष 2025 में विकसित किए जा रहे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों आईसीपी रुपईडीहा के निकट खाद्य वन (पी-2) तथा रुपईडीहा बाईपास से आईसीपी तक दायीं पटरी पर विकसित ‘‘मित्र वन‘‘ का निरीक्षण भी किया। इन दोनों स्थलों पर पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ जैव विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। निरीक्षण के अंत में डॉ. राम सिंह यादव ने पण्डितपुरवा स्थित पौधशाला का भी दौरा किया। पौधशाला में तैयार की जा रही विभिन्न प्रजातियों की पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई व्यवस्था तथा देखभाल तंत्र की समीक्षा करते हुए उन्होंने कर्मचारियों को पौधों के बेहतर रख रखाव हेतु तकनीकी मार्गदर्शन दिया। प्रभागीय वनाधिकारी ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। विभाग द्वारा किए जा रहे पौधरोपण कार्यक्रमों को जनसहभागिता से जोड़कर और प्रभावशाली बनाया जाएगा। स्थानीय जनता एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए पौधरोपण अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान वन रेंज अधिकारी रूपईडीहा अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारीगण, क्षेत्रीय वन कर्मचारी, तथा संबंधित रेंज स्टाफ उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन