सेनानी परिवारों के योगदान को किया गया नमन : स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार की बैठक संपन्न
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jun 9, 2026
श्रावस्ती। ब्लॉक सभागार हरिहरपुर रानी (भंगहा), श्रावस्ती में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार की आवश्यक बैठक संगठन के जिलाध्यक्ष यदुनाथ प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक से पूर्व स्वतंत्रता सेनानी शिला स्तम्भ पर माल्यार्पण कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष यदुनाथ प्रसाद यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का त्याग, संघर्ष और बलिदान देश के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। आजादी की लड़ाई में जिन परिवारों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके सम्मान, अधिकार और समस्याओं के समाधान के लिए समाज को संवेदनशील होकर आगे आना चाहिए। इन परिवारों का योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। हरिहरपुर रानी ब्लाक अध्यक्ष पद परयोगेश्वर राम मिश्र तथा महामंत्री पद पर ननकऊ सोनी को नियुक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने खड़े होकर करतल ध्वनि से नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने अपनी स्वीकृति प्रदान की। प्रदेश महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों में देश को आजादी दिलाने का कार्य किया। उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। संगठन हमेशा स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवारों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सेनानी परिवारों को नमन करना हमारा कर्तव्य है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। बैठक में प्रमुख रूप से विजय कुमार मिश्र, राजाबाबू, रामजीत, सूरज कुमार, चंद्रशेखर यादव, राकेश, राजकुमार यादव, परशुराम, अजय कुमार यादव, नरेश कुमार सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन