: बाढ पूर्व तैयारी के सम्बंध में डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
Admin
Tue, Apr 30, 2024
पूर्व वर्षो की भांति कार्ययोजना तैयार किये जाने के उद्देश्य से सम्बन्धित विभागों को दिये गये निर्देश
बहराइच। जनपद में संभावित बाढ़ के दौरान बचाव एवं राहत कार्यो के संचालन की कार्ययोजना तैयार किये जाने के सम्बंध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बाढ़ स्टीयरिंग गु्रप की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिया कि सम्भावित बाढ़ के दौरान शासन के मंशानुसार बचाव एवं राहत कार्य के संचालन हेतु फुलप्रुप कार्य योजना तैयार की जाय। डीएम ने सरजू ड्रेनेज खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंधो की सुरक्षा हेतु संचालित कार्यो को बाढ़ से पूर्व प्रत्येक दशा में पूर्ण करा लिया जाय। बाढ़ के दौरान तटबंधो की सुरक्षा एवं कटान के प्रभावी नियंत्रण के लिए समय से आवश्यक सामग्री की आवश्यकता सुनिश्चित करा ली जाय। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान वितरित किये जाने वाले खाद्यान्न, पशुओं के लिए भूसे आदि की व्यवस्था के लिए समय पूर्व ही टेण्डर इत्यादि की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाए। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला ने बताया कि सम्भावित बाढ़ के दौरान असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पेट्रोलिंग, एनडीआरएफ तथा फ्लड पीएससी की माकूल व्यवस्था की जायेगी। बैठक का संचालन अधिशाषी अभियन्ता सरयू ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, एसडीएम नानपारा अश्वनी पाण्डेय, कैसरगंज पंकज दीक्षित, महसी अखिलेश कुमार सिंह, डीपीआरओ राघवेन्द्र द्विवेदी, डीएसओ नरेन्द्र तिवारी, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत बहराइच शैलेन्द्र कुमार, नानपारा रंजीत कुमार, अधिशाषी अभियन्ता लो.नि. अमर सिंह व प्रदीप कुमार सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन