रामगांव पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री शिविर का डीएम ने लिया जायज़ा : 03 दिवस में अवशेष कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के दिये निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 3, 2026
बहराइच। कृषि एवं एलायड विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में फार्मर आई.डी. की अनिवार्यता को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के शत-प्रतिशत कृषकों की फार्मर आई.डी. बनाये जाने के उद्देश्य से जनपद की ग्राम पंचायतों में संचालित किये जा रहे शिविरों का जायजा लेने के उद्देश्य जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे के साथ तहसील एवं ब्लाक महसी के ग्राम पंचायत रामगांव का भ्रमण किया। प्राथमिक विद्यालय रामगांव के परिसर में लगाये शिविर के निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी कृषि आर.पी. सिंह ने बताया कि लक्ष्य 192 के सापेक्ष 44 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की गई है। निरीक्षण दिवस की बात की जाये तो डीएम के पहुंचने तक 05 कृषकों की फार्मर आईडी तैयार की गई थी। डीएम श्री त्रिपाठी ने उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिशिर कुमार वर्मा को निर्देश दिया कि 03 दिवस के अन्दर अवशेष कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कृषकों को सुझाव दिया कि अपने आधार लिंक्ड मोबाइल, आधार नम्बर व खतौनी अथवा गाटा संख्या के साथ शिविर में आकर अथवा नज़दीकी जनसेवा केन्द्र पर जाकर या लेखपाल से सम्पर्क कर फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकते हैं। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी प्रतीक, लेखपाल, सचिव, पंचायत सहायक व अन्य सम्बन्धित कार्मिक मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन