हर्षाेल्लास के साथ जनपद में मनाया गया स्वतन्त्रता दिवस : सम्मानित किये गये स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिजन
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Aug 17, 2025
बहराइच। स्वतऩ्त्रता दिवस समारोह जनपद में गरिमापूर्ण तरीके से हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिले में स्वतन्त्रता दिवस समारोह का शुभारम्भ क्रासकंट्री दौड़ तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकाली गयी प्रभात फेरी के साथ हुआ। सरकारी भवनों व शिक्षण संस्थाओं में ध्वाजारोहण तथा राष्ट्रगान गायन के साथ अन्य विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वतन्त्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किये गये। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ जहां पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर माण्टेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा भावपूर्ण राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिजनों श्रीमती कबूतरी देवी, कर्मवीर सिंह एडवोकेट, अनिल त्रिपाठी, राजीव मिश्रा, कामरान सिद्दीकी, मोहम्मद तारिक बेग, मोहम्मद हुसैन, जमीला व आशाराम उपाध्याय तथा काव्यपाठ करने वाले कवियों एवं शायरों अल्लन बहराइची, नजर बहराइची व लक्ष्मी कांत त्रिपाठी मृदुल को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। जबकि राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए डीएम श्री त्रिपाठी ने स्वतन्त्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को नमन करते हुए सभी को 79वें स्वतन्त्रता दिवस की बधाई दी। डीएम ने कहा कि अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जहाँ भी जिस पद पर हैं अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा व लगन से निर्वहन कर आमजनमानस की समस्याओं का समाधन करने का भरसक प्रयास करें। हमारा यहीं कृत अमर सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम दयाल व अमिता यादव, शासकीय अधिवक्ता अजय शर्मा व अतुल गौड़, कलेक्ट्रेट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ कर्मचारी नन्द किशोर जायसवाल, सेनानी परिजन कर्मवीर सिंह एडवोकेट सहित अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित करते हुए अमर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सभी को स्वतन्त्रता दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्रा ने किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्तव सहित कलेक्ट्रेट व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी तथा संभ्रान्त व गणमान्यजन मौजूद रहे। समारोह के उपरान्त डीएम ने अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया।
विज्ञापन
विज्ञापन