मेडिकल कालेज के ईएनटी विभाग में नई माइक्रोस्कोपिक मशीनों का उद्घाटन : उच्च तकनीक से लैस मशीनों से अब होंगी जटिल सर्जरी, 60 लाख की लागत से हुई स्थापना
Kunwar Diwakar Singh
Wed, May 28, 2025
बहराइच। मेडिकल कालेज बहराइच के ईएनटी (कान, नाक, गला) विभाग में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपिक मशीनों का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. संजय खत्री द्वारा किया गया। यह आधुनिक तकनीक ईएनटी विभाग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक बड़ा कदम मानी जा रही है। मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि इन मशीनों की कुल लागत लगभग 60 लाख रुपये है और ये मशीनें ईएनटी सर्जरी की विभिन्न प्रक्रियाओं जैसे मायरिंगोप्लास्टी, टायंपेनोप्लास्टी, कॉर्टिकल मास्टॉयडेक्टॉमी, एमआरएम (मॉडिफाइड रैडिकल मास्टॉयडेक्टॉमी), स्टैपेडेक्टॉमी, ऑसिकुलोप्लास्टी, और गर्दन की सर्जरी के लिए विशेष अटैचमेंट के साथ सक्षम हैं। इन माइक्रोस्कोप्स में 4के वीडियो आउटपुट की सुविधा उपलब्ध है, जिससे सर्जन को उच्च गुणवत्ता और स्पष्टता के साथ ऑपरेशन करने में आसानी होगी। इससे न केवल शल्यचिकित्सा की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण शिक्षण उपकरण साबित होगा। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि मेडिकल कॉलेज बहराइच में मरीजों को बड़े शहरों जैसी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यह नई तकनीक विभाग की कार्यक्षमता को बढ़ाएगी और जटिल सर्जरी को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाएगी। ”कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. एम.एम.एम. त्रिपाठी, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ.डी.बी. सिंह, डॉ.एस.के. वर्मा, डॉ. बी.एन. मांझी, डॉ. रामेन्द्र त्रिपाठी, अस्पताल प्रबंधक रिजवान तथा अन्य चिकित्सकगण व अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे। इस पहल से न केवल ईएनटी विभाग को अत्याधुनिक बनाया गया है, बल्कि बहराइच के आम नागरिकों को भी अब जटिल ईएनटी सर्जरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन