स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को किया गया याद : पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Aug 8, 2025
बहराइच। अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिला इकाई बहराइच एवं श्रावस्ती के तत्वावधान में ‘‘अगस्त क्रांति‘‘ के अवसर पर आयोजित शहीद नमन वंदन यात्रा विकास क्षेत्र रिसिया के बभनी स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शिलालेख/स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर यात्रा कार्यालय खण्ड विकास अधिकारी रिसिया के परिसर में स्थापित क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के शिलालेख, स्मारक पर माल्यार्पण करने पहुंची। यात्रा का नेतृत्व संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामदीन गौतम तहसील नानपारा प्रभारी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खण्ड विकास अधिकारी रिसिया रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड विकास अधिकारी रिसिया ने कहा कि जैसा कि शिला स्तंभ पर अंकित स्वतंत्रता सेनानियों के नामों से ज्ञात होता है कि इन महापुरुषों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली है। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देशित किया है कि आज से पन्द्रह अगस्त तक सभी सचिव अपने क्षेत्रों के स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों से मिलें। उनके विभिन्न समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें। यदि आपके स्तर पर संभव न हो तो हमारे संज्ञान में लाया जाय। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि अगस्त महीना स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी परिवारों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज के ही दिन पूज्य बापू महात्मा गांधी ने बम्बई के अधिवेशन में ‘‘अंग्रेजों भारत छोड़ो‘‘ का नारा दिया था और स्वतंत्रता सेनानियों को आखिरी बार एक मंत्र दिया था कि ‘‘करो या मरो‘‘। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राम दीन गौतम ने शहीद नमन वंदन कार्यक्रम में उपस्थित सभी देशभक्तों, शहीद नमन वंदन यात्रा में शामिल सभी सेनानी उत्तराधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारी रिसिया तथा सभी कर्मचारियों द्वारा अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों को नमन वंदन कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संगठन जिला महामंत्री राजू मिश्र उर्फ मुन्ना भैया, संगठन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष रीता कुमारी, नवाबगंज संगठन प्रभारी चन्द्र प्रकाश सहित तमाम सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन