: गौरीशंकर भानीरामका फिर बने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष
Admin
Tue, Oct 22, 2024
व्यापारियों ने किया अभिनंदन
बहराइच। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय नेतृत्व ने गौरीशंकर भानीरामका को एक बार फिर व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। भानीरामका पिछले 37 वर्षों से लगातार इस पद पर मनोनीत होते आए हैं। प्रदेश नेतृत्व ने बृजमोहन मातनहेलिया को जिले का महामंत्री बनाया है। बृजमोहन को पहली बार जिला महामंत्री चुना गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद बिहारी मिश्र, चेयरमैन महेन्द्र जैन मयूर, महामंत्री डा. दिलीप सेठ व राजेंद्र गुप्ता, मुख्यालय प्रभारी सुनील पांडे व प्रांतीय पदाधिकारियों ने सामूहिक एक राय निर्णय लेकर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापार मंडल सत्र 2024 से 2027 तक तीन वर्षों के लिए जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री का मनोनयन किया है। इस सूची में बहराइच जिलाध्यक्ष पद पर श्री भानीरामका का नाम पुनः शामिल होने से जिले भर के व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड़ गयी है। व्यापार मंडल संरक्षक अशोक मातनहेलिया के प्रतिष्ठान पर गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका को दुशाला ओढ़ाकर व माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। महामंत्री बृजमोहन मातनहेलिया का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका ने कहा कि तीन दशकों से अधिक समय से लगातार मिल रही इस जिम्मेदारी के फिर मिलने पर मैं अत्यंत गर्व महसूस कर रहा हूं। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना और उनके हितों की रक्षा करना हमेशा मेरी प्राथमिकता रही है। मैं अपने समस्त व्यापारी भाइयों के सहयोग से इस दिशा में निरंतर कार्य करता रहूँगा। व्यापारियों को संबोधित करते हुए नव नियुक्त महामंत्री बृजमोहन मातनहेलिया ने कहा कि पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण से व्यापारियों की समस्याओं को हल करने और व्यापार क्षेत्र में सुधार लाने के लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूँ। प्रदेश नेतृत्व ने जिस उम्मीद से मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है उस पर खरा उतरने में मै कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला व बहराइच नगर के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। नव मनोनीत पदाधिकारियों को व्यापार मंडल अनुशांगिक संगठनों एवं जनपद के अनेक व्यापारिक संगठनों ने शुभकामनाएं दी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन