: मुनाफा दिलवाकर जालसाजों ने झांसे में लिया बैंकमित्र को, ठगे 15.96 लाख
Admin
Tue, Aug 22, 2023अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
बहराइच। कोतवाली कैसरगंज अन्तर्गत गोडहिया नंबर एक गांव निवासी बैंक मित्र को जालसाजों ने दो दिन में 999 और तीन हजार रूपये का मुनाफा दिलवाकर झांसे में लिया। जिसके बाद खाते में 15.96 लाख रूपये डलवा लिया। इसके बाद नंबर बंद हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात जालसाज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोडहिया नंबर एक के मजरा बभनपुरवा गांव निवासी अरविंद कुमार शर्मा पुत्र बृजेंद्र कुमार बैंक मित्र हैं। वह इंडियन बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र गांव में ही चलाते हैं। कोतवाली में तहरीर देकर अरविंद ने कहा है कि उनके नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन कर रोजगार देने का झांसा दिया। जिस पर उन्हें घर बैठे पहले दिन 999 रूपये और दूसरे दिन तीन हजार रूपये उनके खाते में भेजे गए। इसके बाद उनका खाता बंद होने और धन कई गुना करने के लालच में 2.32 लाख जमा करने पर तीन लाख मिलने का लालच दिया गया। जिस पर उन्होंने अगस्त माह के पहले सप्ताह में 15.96 लाख रूपये संबंधित के खाते में जमा कर दिया। इसके बाद न फोन आया और न ही मोबाइल खुला। काफी प्रयास के बाद बैंक मित्र ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पूरी कहानी बताई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोगों को जागरूक होने की जरूरत है कि किसी दूसरे के साथ ऐसी घटना ना हो। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने मामले को संज्ञान लेकर तुरंत कार्रवाई कर अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बैंक मित्र ने बताया कि उसने चार लोगों से उधार रूपये लेकर भी जमा किया, वह भी चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन