जंगली जानवर के हमले में चार घायल : वन विभाग की टीम तलाश में जुटी
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Aug 29, 2025
बहराइच। तहसील महसी में एक बार फिर जंगली जानवर की दस्तक से लोगों में डर का माहौल कायम हो गया है। हरदी थाना क्षेत्र के बदनपुरवा, मोतीपुरवा और सिसैय्या चूडामणि गांवों में गुरूवार देर रात तब अफरातफरी मच गई जब एक जंगली जानवर ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में चार लोग जख्मी हो गए। पहला हमला रात्रि 9 बजे हुआ। जिसमें रंजना नाम की महिला शौच के लिए जा रही थी। तभी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद रात्रि 12 बजे तक तीन और हमले हुए। राजकुमार, त्रिलोकी नाम के दो पुरूष तथा घर के बाहर लेटी एक महिला खैरुन्निशा घायल हो गई। लोगों के शोर मचाने से सभी की जान बच सकी। स्थानीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने घायलों से मुलाकात की और वन विभाग को सूचित किया। प्रभागीय वनाधिकारी राम बदन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज किया गया। विधायक ने लाइसेंसी हथियार के साथ जंगली जानवर की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यह भेड़िए का हमला था। वनाधिकारी इसे किसी वन्य जीव का हमला बता रहे है। पिछले वर्ष इसी इलाके में आदमखोर भेड़ियें के हमले में दस लोगों की मौत हुई थी। दो महींने के आपरेशन के बाद हमलों पर काबू पाया गया था। एक ही रात्रि में चार हमलांे से क्षेत्र में फिर दहशत का माहौल है। विधायक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वन विभाग और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और हमलावर जानवर की तलाश में जुट गई हैं। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। चूंकि पिछले वर्ष भी इसी इलाके में खूंखार भेड़िये का आतंक था इस वजह से लोगों में एक बार फिर दहशत उत्पन्न हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन