धान क्रय केन्द्रों का डीएम ने किया निरीक्षण : मौजूद कृषकों से धान खरीद के सम्बन्ध में लिया फीड बैक
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Dec 2, 2025
बहराइच। खरीफ विपणन वर्ष में मूल्य समर्थन योजना अन्तर्गत संचालित धान क्रय का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने ग्राम बनकटा स्थित पी.डी.एस. के गोदाम परिसर में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्र पयागपुर प्रथम एवं पयागपुर द्वितीय का औचक निरीक्षण कर क्रय केन्द्रों पर खरीद के लिए ज़रूरी संसाधनों, बोरों की उपलब्धता, धान की आवक, भुगतान तथा कृषकों की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा क्रय केन्द्र मौजूद कृषकों से धान खरीद के सम्बन्ध में फीड बैक भी प्राप्त किया। धान क्रय केन्द्र के निरीक्षण के दौरान विपणन निरीक्षक केन्द्र प्रभारी आनन्द प्रकाश पटेल ने जिलाधिकारी को बताया कि पयागपुर प्रथम पर अब तक 43 कृषकों से 2365.40 कुण्टल धान की खरीद की गई है। जबकि राईस मिलों को 900 कुण्टल धान प्रेषित किया गया है। जबकि पयागपुर द्वितीय पर 44 कृषकों से 2176.40 कुण्टल की गई धान खरीद के सापेक्ष मिल को 500 कुण्टल प्रेषित किया गया है। डीएम ने केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार कृषकों से धान की खरीद की जाय तथा क्रय किया गया धान मिलों को प्रेषित भी करते रहें। क्रय केन्द्र निरीक्षण के दौरान ग्राम पंडितपुरवा निवासी शिव प्रसाद मिश्रा पुत्र महादेव मिश्रा के धान की तौल हो चुकी थी जबकि ग्राम कलामसतरही नि. पुष्पेन्द्र मिश्रा पुत्र भगतराम मिश्रा के धान की खरीद के लिए तैयारी की जा रही थी। यहां पर ग्राम हरखापुर नि. गुरू प्रसाद तिवारी व ग्राम बैनी नि. कृषक बृजनन्दन भी मौजूद थे। जिनके द्वारा पूर्व में क्रय केन्द्र पर धान की बिक्री की गई है। डीएम ने सभी किसानों से धान क्रय के सम्बन्ध में जानकारी करने पर सभी कृषकों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन