वैदिक मंत्रोचार के बीच नानपारा चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारम्भ : किसानों को अंगवस्त्र व उपहार देकर किया सम्मानित
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 17, 2025
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोचार के बीच श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल्स लि. नानपारा के 42वें गन्ना पेराई सत्र का शुभारम्भ किया। जिलाधिकारी ने मिल अधिकारियों और कर्मचारियों का आहवान्ह किया कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी गन्ना तौल केन्द्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। डीएम ने तौल केन्द्रों पर किसानों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा उसके आस-पास के मार्गाे की आवश्यकतानुसार मरम्म्त कराये जाने के निर्देश भी मिल अधिकारियों को दिये। इससे पूर्व पेराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर मिल में हवन पूजा, बैल पूजन, कॉटा पूजन इत्यादि कार्यक्रम परम्परागत से सम्पन्न हुए। जिलाधिकारी ने मिल गेट पर ट्रैक्टर से गन्ना लेकर आए खुदादादभारी के रामसुख व बैलगाड़ी से गन्ना लेकर आए गुलालपुरवा क़े किसान मोतीलाल को अंगवस्त्र व उपहार देकर सम्मानित करते हुए बैलों को गुड़ खिलाया। तदोपरान्त डीएम ने अन्य अतिथियों, जीएम महेश कुमार कैथल व एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी, सीओ प्रद्युम्न सिंह व अन्य के साथ फीता काटा औऱ कांटे पर नारियल फोड़ने के बाद पहली गन्ना तौल की शुरुआत की। जिसमे बैलगाड़ी का वजन 27.50 कुंतल व ट्रैक्टर ट्राली का वजन 99.400 कुंतल रहा। इसके पश्चात डीएम ने विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड, अन्य गणमान्य व संभ्रान्तजन, अधिकारियों एवं गन्ना कृषकों के साथ ढोला में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ल, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक नानपारा मनोज उपाध्याय, मुख्य अभियन्ता वीरेन्द्र कुमार, मुख्य रसायनविद् गजेन्द्र सिंह, मुख्य लेखाकार गीतेन्द्र कुमार, मुख्य गन्ना अधिकारी गौरव द्विवेदी, चीनी मिल उपाध्यक्ष, समस्त संचालक, समस्त डेलीगेट्स, समस्त अंशधारक (कृषक) एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन