पुलिस व विधायक की मौजूदगी में हुआ युवक का अंतिम संस्कार : मृतक के परिजनों ने अपहरण कर हत्या का लगाया आरोप
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Oct 5, 2026
अंतिम संस्कार के दौरान गांव में काफी तनाव और गमगीन माहौल रहा
पीएम रिपोर्ट में युवक के डूबने से मृत्यु की हुई पुष्टि
कैसरगंज, बहराइच। भारी पुलिस बल और क्षेत्रीय विधायक आनंद यादव की मौजूदगी में सोमवार दोपहर कुलदीप निषाद का उनके पैतृक गांव गोड़ाहिया नंबर 1 में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान गांव में काफी तनाव और गमगीन माहौल रहा। मृतक के परिजनों ने कैसरगंज पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कुलदीप का अपहरण कर हत्या की गई है, लेकिन पुलिस शुरुआत से ही मामले को टालती रही। जानकारी के मुताबिक जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ाहिया नंबर 1 निवासी 22 वर्षीय कुलदीप निषाद 2 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे गन्ने के खेत में पत्ती काटने निकला था। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खेत और पास में बह रहे घाघरा के नाले में तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। पुलिस ने खेत के पास बह रहे घाघरा के नाले में डूबने की आशंका जताकर एनडीआरएफ को सूचित किया। 36 घंटे बाद 3 अक्टूबर की शाम एनडीआरएफ ने नाले से कुलदीप का शव बरामद किया। मृतक के पिता चेतराम ने बताया कि कुलदीप के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान थे। पिता का कहना है कि हम लगातार पुलिस से कह रहे थे कि बेटे का अपहरण कर लिया गया है और हमारी निशानदेही पर छापेमारी की जाए, लेकिन पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी। थाना प्रभारी कैसरगंज राजकुमार पांडे का कहना है कि 2 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। 3 अक्टूबर को शव पानी में मिला, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मृत्यु की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन