हाथियों का झुंड, घड़ियाल और मगरमच्छ को देखकर पर्यटक हुए रोमांचित : कतर्निया घाट की जंगल नगरी में रोमांचक सफारी
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 18, 2025
बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की खूबसूरत वादियों में इन दिनों पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। कटर्निया घाट रेंज के गेरुआ क्षेत्र में वोट सफारी के दौरान पर्यटकों को ऐसा रोमांच मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। जंगल के किनारे बहती शांत नदी में जब पर्यटक वोटिंग कर रहे थे, तभी अचानक सामने का नजारा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। जंगल से निकलकर नदी के नल के पास हाथियों का एक विशाल झुंड पानी में नहाते हुए दिखाई पड़ा। यह दृश्य इतना दुर्लभ था कि पर्यटकों ने तुरंत अपने कैमरों में इसे कैद कर लिया। बाद में ये तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। केवल हाथियों का ही नहीं, बल्कि बोट सफारी के दौरान घड़ियाल के बच्चे धूप सेंकते दिखाई दिए। वहीं नदी के किनारे मगरमच्छ के बच्चों के भी शानदार नजारे देखने को मिले। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह अनुभव किसी वरदान से कम नहीं था। कतर्निया घाट की प्राकृतिक सुंदरता, हरी-भरी वन संपदा और दुर्लभ जीवों की उपस्थिति इसे देश के प्रमुख इको-टूरिज्म स्थलों में खास स्थान देती है। कतर्निया घाट के समीप बने जंगल लीला रिसॉर्ट में ठहरे पर्यटक जब जंगल सफारी पर निकले, तो उन्हें वन मार्ग पर और भी रोमांचक अनुभव हुआ। सफारी के दौरान अचानक जिप्सी के सामने जंगली हाथियों का एक झुंड सड़क किनारे दिखाई दिया। पर्यटकों के साथ आए परिवार की महिलाओं ने उत्साह और डर के मिश्रण में आवाज उठाने की कोशिश की, लेकिन प्रशिक्षित गाइड ने तत्परता दिखाते हुए सभी को शांत कराया और गाड़ी को धीरे-धीरे पीछे किया। हाथियों का यह झुंड काफी देर तक सड़क पर खड़ा रहा, मानो अपने क्षेत्र की निगरानी कर रहा हो। कुछ देर बाद वह झुंड जंगल की ओर बढ़ गया। उसी दौरान हाथियों में से एक टस्कर हाथी ने पीछे से जिप्सी के पास आने का प्रयास किया, जिसकी झलक वीडियो में भी स्पष्ट दिखाई देती है। यह दृश्य जितना रोमांचकारी था, उतना ही वन विभाग की सतर्कता का प्रमाण भी। लखनऊ से आए पर्यटक देवओम जो रिसॉर्ट के संचालकों के मित्र भी हैं, ने बताया कि यह उनकी पहली जंगल सफारी थी और अनुभव रोमांच से भरपूर रहा। उन्होंने कहा कि कतर्नियाघाट की प्राकृतिक छटा, शांत वातावरण और जंगल के बीच जंगली जीवों के इतने करीब से दर्शन करना अपने आप में अविश्वसनीय एहसास है। देवओम ने उत्साह से बताया कि वे हर साल छुट्टियों में कतर्नियाघाट का रुख जरूर करेंगे। कतर्निया घाट की सुंदरता, हरियाली, दुर्लभ वन्यजीव और सुरक्षित सफारी मार्ग इसे परिवारों, प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए आदर्श स्थान बनाते हैं। यहां की बोट सफारी, जंगल सफारी, घड़ियाल अभयारण्य और वन संपदा हर आगंतुक को प्राकृतिक दुनिया से जोड़ने का अनूठा अनुभव प्रदान करती है। कतर्नियाघाट पर्यटन के नक्शे पर अपनी विशेष पहचान बना रहा है, जहां हर आने वाला पर्यटक रोमांच, शांति और प्रकृति की गोद में अविस्मरणीय यादें लेकर लौटता है।
विज्ञापन
विज्ञापन