चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार : आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना रुपईडीहा में मारपीट, चोरी एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 10, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक चोर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रूपईडीहा रमेश सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना रुपईडीहा पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मुरलीधर ददौली निवासी रतन वर्मा ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में थाना रुपईडीहा में तहरीर दी थी। जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने 9 जून की रात करीब 10ः35 बजे केवलपुर मोड़ के पास से आरोपी कासिम शेख पुत्र दिलदार निवासी सीतापुरवा, थाना रुपईडीहा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना रुपईडीहा में मारपीट, चोरी एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत, उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी विनय कनोजिया शामिल रहे।
6 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद
रुपईडीहा बहराइच। नेपाल तस्करी करने के फिराक में जा रहे एक युवक को सीमा के पास से 6 किलो गांजा के साथ रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने 6.113 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में 9 जून को थाना क्षेत्र के शिवपुर मोहनिया तिराहा के पास चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। इस दौरान दिनेश कुमार दीक्षित पुत्र रामफल दीक्षित निवासी केवलपुर नई बस्ती थाना रुपईडीहा के कब्जे से एक प्लास्टिक की सफेद बोरी में रखा 6.113 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रुपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक अदद दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत, उप निरीक्षक जितेश कुमार सिंह तथा पुलिस बल के अन्य सदस्य शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन