डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस : सम्पूर्ण समाधान दिवस से अनुपस्थित अधिकारियों पर डीएम सख्त
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Jun 21, 2025
बहराइच। सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील सदर में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती पूजा चौधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर पहुप सिंह, जिला विकास अधिकारी राज कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ आए हुए फरियादियों के समस्याओं की गंभीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाये तथा जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार लाभान्वित भी किया जाय। डीएम ने कहाकि भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरणों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजी जाय। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित अधिकारी ग्रामवासियों से समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करायें। उल्लेखनीय है कि डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 30 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील पयागपुर में अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 57 में 05 तथा शेष अन्य तहसील में उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समाधान दिवसों महसी में प्राप्त 49 में 03, कैसरगंज में प्राप्त 42 में 09, नानपारा में प्राप्त 45 में 09 तथा मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 31 में 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया। इस अवसर पर सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्षगण मौजूद रहे।
सम्बन्धित अधिकारियों का रोका गया वेतन
बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तहसील सदर बहराइच में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस पहुंचने पर डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति का जायज़ा लेने पर पाया कि पूर्वान्ह 11 बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख., अधि.अभि. विद्युत वितरण खण्ड बहराइच, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित नहीं हुए थे। इस स्थिति का कड़ा संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिये हैं।
आठ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सीडीपीओ ने रोका वेतन
तीन दिन में काम पूरा करने की चेतावनी
बहराइच। बाल विकास परियोजना अधिकारी नगर ने शासकीय कार्यों में उदासीनता बरतने वाली 08 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का माह जून का वेतन रोक दिया है। सीडीपीओ ने बताया कि वर्तमान समय में शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार नगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के पंजीकृत लाभार्थी की केवाइसी और फेस एथेंटीफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। इसमें लापरवाही एवं प्रगति शून्य मिलने पर आठ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का जून माह का मानदेय रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहर के ब्राह्मणीपुरा वार्ड की विनीता जयसवाल, चांदमारी की प्रेम कुमारी, हमजापुरा की ऊषा शर्मा व ऊषा जायसवाल, चिक्कीपुरा की पुष्पा, कानूनगोपुरा दक्षिणी की युगल किशोरी और छावनी की कौसर जहां का मानदेय रोक दिया गया है इन कार्यकत्रियों को तीन दिवस में कार्य पूरा करने को आदेशित किया गया है। यदि कार्य पूरा नहीं होता तो 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाली कार्यकत्रियों पर अग्रिम विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन