: जिलाधिकारी ने तहसील पयागपुर का किया निरीक्षण
Admin
Tue, Aug 13, 2024
विधायक पयागपुर के साथ फरियादियों से रूबरू हुई डीएम
राजस्व निरीक्षक व लेखपालों के साथ की बैठक
अधिवक्ता प्रतिनिधि मण्डल ने डीएम से की भेंट
बहराइच। विभिन्न न्यायालयों पर प्रचलित वादों के समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से तहसीलों के निरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत जिलाधिकारी मोनिका रानी ने तहसील पयागपुर पहुंचकर तहसील सभागार में पीठासीन अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों व कोर्ट से सम्बन्धित अन्य कार्मिकों के साथ बैठक कर विभिन्न न्यायालयों पर प्रचलित वादों से सम्बन्धित पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए वाद के दाखिला एवं नोटिस निर्गम की तिथि, तामिला की तिथि, राजस्व निरीक्षकों व लेखपाल की आख्या प्रस्तुत करने की तिथि इत्यादि का जायजा किया। डीएम ने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि तामिला कार्य का रिव्यू करते रहें ताकि वादों के निस्तारण में किसी प्रकार का विलम्ब न हो। डीएम ने निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा तामीला कराया जाय तथा धारा 116 व 34 से सम्बन्धित पत्रावलियों का निस्तारण निर्धारित समससीमा में किया जाय। कार्मिकों को निर्देश दिया कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि यह पाया जाता है कि किसी राजस्व अधिकारी व कर्मचारियों की शिथिलता के कारण वादों के निस्तारण में विलम्ब होता है तो सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्यवाही की जाय तथा प्रकरण को राजस्व परिषद के संज्ञान में भी लाया जायेगा। इस दौरान डीएम ने ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के साथ मौजूद फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। तहसील निरीक्षण के लिए डीएम के साथ गए सीआरओ देवेन्द्र पाल सिंह व प्रशिक्षु पीसीएस अंजली यादव ने तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव तथा साफ-सफाई का जायजा लिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पयागपुर दिनेश कुमार, तहसीलदार धमेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव व हरिशंकर पटेल, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन