सीएम ने नाव दुर्घटना से प्रभावित परिवारों से भेंट कर व्यक्त की संवेदना : लापता परिवारों के आश्रितों को प्रदान किया आर्थिक सहायता का डेमो चेक
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 2, 2025
ग्राम को विस्थापित करने की कार्रवाई के दिये निर्देश
भरथापुर क्षेत्र का किया हवाई सर्वेक्षण
बहराइच। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद के तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) अन्तर्गत कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र में बसे ग्राम भरथापुर का हवाई सर्वेक्षण के उपरान्त सिंचाई विभाग कालोनी परिसर में स्थित मोतीपुर विश्राम गृह में 29 अक्टूबर को देर शाम कौड़ियाला नदी में हुई नाव दुर्घटना से प्रभावित परिवारों से भेंट कर सांत्वना व्यक्त किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर, नानपारा राम निवास वर्मा, क्षेत्र पंचायत प्रमुख मिहींपुरवा अभिषेक वर्मा सौरभ व अन्य के साथ दुर्घटना में लापता 08 व्यक्तियों, बच्चों के हिताधिकारियों को रू. 04-04 लाख का डेमो चेक तथा प्रभावित 22 परिवारों को अंगवस्त्र, फल की टोकरी तथा सहायता किट प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुरूह ग्राम भरथापुर की स्थिति का जायजा लेने तथा दुर्घटना में प्रभावित परिवारों से भेंट करने के उद्देश्य से मैं स्वय आया हूॅ। उन्होंने कहा कि यहां आने के पूर्व मैंने ग्राम भरथापुर का हवाई सर्वेक्षण भी किया है। यह दुखद घटना है। जंगल के बीच में और वह भी रिजर्व फारेस्ट के बीच में भरथापुर गांव बसा हुआ है। जहां पर कुल 118 परिवार रह रहे हैं। जिनके पास अपना कोई पक्का मकान नहीं है। क्योंकि वन्य अधिनियम के अन्तर्गत उनको इसकी सुविधा नहीं प्राप्त होती है और इसलिए वहां पर इनका जीवन बहुत ही दुरूह हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह अत्यन्त दुख की बात है कि बाजार से वापस लौटते समय यह दुखद घटना घटित हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के तरफ से आज मैनें लापता पीड़ित परिवारों को 04-04 लाख रूपये की आर्थिक सहायता का सहयोग किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम भरथापुर के 118 परिवारों को विस्थापित करने के लिए शासन द्वारा 21 करोड़ 55 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। उन्होंने मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि इन लोगों के लिए कहीं पर उचित जमीन की व्यवस्था कर इन परिवारों को बसाया जाय। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विस्थापित परिवार को 15 लाख रूपये की अनुग्रह राशि के साथ साथ उनकी सम्पत्ति व परिसम्पत्ति का भी उचित मुआवजा दिया जायेगा। जिसके लिए राजस्व विभाग द्वारा आंकलित भूमि सम्पत्ति का मूल्य 01 करोड़ 92 लाख, लोक निर्माण विभाग द्वारा आंकलित परिसम्पत्तियों का मूल्य 01 करोड़ 88 लाख, वन विभाग द्वारा आंकलित निजी वृक्ष सम्पत्ति का मूल्य 04 लाख 15 हजार तथा अनुग्रह राशि के रूप रू. 17 करोड़ 70 लाख इस प्रकार कुल 21 करोड़ 55 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुःख की इस घड़ी में आपके साथ है और हर प्रकार का सहयोग आप सभी पीड़ित जनों को किया जायेगा। इस अवसर पर आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील, आईजी अमित पाठक, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद व अन्य सम्बन्धित अधिकारी, जनप्रतिनिधि व क्षेत्रीय गणमान्य व संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन