नेपालगंज कारागार में कैदियों का विद्रोह, एक कैदी के पैर में लगी गोली : शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक शहर में कफ्यू लगाया गया
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Sep 11, 2025
रुपईडीहा, बहराइच। गुरूवार को पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल में हालात सामान्य रहे। भारत-नेपाल सीमा पर दिनभर आवागमन जारी रहा। दोनों तरफ से लोग सामान्य रूप से आते-जाते रहे। अधिकांश क्षेत्रों से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। हालाँकि नेपालगंज में एक बड़ी घटना ने प्रशासन को सतर्क कर दिया। जानकारी के अनुसार नेपालगंज कारागार में कैदियों ने विद्रोह कर जेल का मुख्य द्वार तोड़कर भागने का प्रयास किया। कारागार के अंदर नारेबाजी करते हुए आगजनी की। स्थिति को गंभीर होता देख नेपाली सेना, सशस्त्र बल और सिविल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जेल को चारों ओर से घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक कैदी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए भेरी आंचल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना और पुलिस की मुस्तैदी से सभी कैदियों को दोबारा पकड़कर जेल में बंद कर दिया गया। घटना के बाद एहतियातन नेपालगंज शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। प्रशासन ने पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही हर प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक शहर में कफ्यू लगाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन