ग्राम बगहा में एसडीएम की मौजूदगी में हुई क्रॉप कटिंग : फसल उत्पादन का लिया गया जायजा
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Oct 23, 2026
बहराइच। तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) के अंतर्गत परगना नानपारा के ग्राम बगहा में फसल उत्पादन का वास्तविक आकलन करने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने मौके पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया और फसल उत्पादन का जायजा लिया। क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की कटाई कर उपज का आकलन किया जाता है, जिससे क्षेत्र की उत्पादकता के सटीक आंकड़े संकलित करने में सहायता मिलती है। अधिकारियों एवं किसानों की मौजूदगी में क्रॉप कटिंग प्रयोग की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उप जिलाधिकारी ने मौके पर प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए संबंधित कार्यों की जानकारी ली। क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े कृषि उत्पादन के आकलन तथा फसल उत्पादकता की वास्तविक स्थिति को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर लेखपाल बीरबल, राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, कृषि विभाग के प्रतिनिधियों सहित गांव के अन्य संभ्रांत कृषक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन