41सी रेलवे क्रासिंग को पुनः संचालित करने की मांग : कांग्रेसियों ने पूर्व घोषित रेल पथ सत्याग्रह कर स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से रेलमंत्री को सौंपा मांग पत्र
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jun 23, 2025
बहराइच। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सांसद तथा युवा हृदय सम्राट स्व. संजय गांधी के पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेसजनों ने संजय गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के पश्चात बंद पड़े 41सी रेलवे क्रासिंग को पुनः संचालित करने अथवा अण्डरपास बनाए जाने तथा चिलवरिया रेलवे स्टेशन से बाहर जाने के ओवरब्रिज बनाए जाने एवं योगेन्द्र धाम हाल्ट स्टेशन के प्लेटफार्म सतह ऊंची करके वहां पर टीनसेट शौचालय पेयजल लाइट की मांग को लेकर पूर्व घोषित रेल पथ सत्याग्रह करके स्टेशन अधीक्षक बहराइच के माध्यम से रेलमंत्री भारत सरकार को मांग पत्र सौंपा। रेलपथ सत्याग्रह के दौरान रेलवे ट्रैक से कांग्रेसजनों और स्थानीय जनता को हटाने को लेकर कई बार आरपीएफ एवं जीआरपी के पुलिस बल से कांग्रेस नेताओं की नोंक-झोंक एवं तीखी झड़पें भी हुई। उक्त दौरान कांग्रेस नेता विनय सिंह ने कहा कि उपरोक्त जनहितकारी मुद्दों को लेकर काफी दिनों से स्थानीय जनमानस आन्दोलित है किन्तु अभी तक रेलवे शासन व प्रशासन के कानों में जूं तक नही रेंगा है। जिम्मेदार सांसद कुम्भकरणी नींद में है तथा क्षेत्रीय भाजपा नेता मूकदर्शक बने हुए हैं। यदि समय रहते उक्त मांगे पूरी न हुई तो अगस्त माह में अगस्त क्रांति सत्याग्रह किया जायेगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वे आगामी 27 जून को अपने प्रतिनिधि मण्डल के साथ रेलभवन नई दिल्ली जाकर उक्त गम्भीर मुद्दे पर बात रखकर जनहितकारी मुद्दे पर उनका ध्यान आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि संजय गांधी की पुण्यतिथि पर लिया गया संकल्प अटूट और अक्षुण्ण रहेगा। महिला नेत्री इन्दू सिंह कहा कि 41सी रेलवे क्रासिंग पर विगत दिनों हुई मां बेटे के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने सत्याग्रह में भारी संख्या में महिलाओं की भागीदारी के लिए नया अध्याय बताया। इस दौरान पूर्व सभासद बबलू गौतम, राजन शर्मा, हमजा शफीक, शिव कुमार तिवारी, रेखा पाठक, शशिकला दूबे, गीता सिंह वैश, दीपू सिंह सहित कई लोगों ने अपने संबोधन में कहा कि जनहित में मांग पर रेलमंत्री को तत्काल प्रभाव से विशेष ध्यान देने की जरूरत है अन्यथा दिनों-दिन आन्दोलन उग्र होता जाएगा। उक्त अवसर पर काफी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन