: चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती मनाई गई
Admin
Sat, Dec 23, 2023
सेनानी उत्तराधिकारियों ने किसान पुत्र एवं महान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरणसिंह को दी श्रद्धांजलि
बहराइच। सेनानी भवन सभागार में शनिवार को किसान दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती मनाई गई। सेनानी उत्तराधिकारियों ने किसान पुत्र एवं महान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरणसिंह को श्रद्धांजलि दी और उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि वे भारतीय राजनीति के जुझारू नेता थे और स्वतंत्रता आन्दोलन से लेकर किसानों की समस्या पर संघर्ष उनकी प्राथमिकता थी। अपने इन्हीं कार्यों से वह एक साधारण किसान के यहां जन्म लेकर देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि उच्च जाति में पैदा होने के बावजूद उन्होंने दलित, मजदूर, पिछड़ों और किसानों के लिए अधिनायकवादी सत्ता के खिलाफ जो संघर्ष किया वह उनके उच्च आदर्शों की प्रतीक बनी। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन भारतीयता, और ग्रामीण परिवेश की मर्यादा में जिया। ब्लाक अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने 1928 में गाजियाबाद में वकालत शुरू किया। पूज्य बापू महात्मा गांधी जी से प्रेरित होकर वकालत छोड़ गाजियाबाद में कांग्रेस कमेटी का गठन किया और 1930 में बापू के सविनय अवज्ञा आन्दोलन में भाग लिया। महामंत्री आदित्य भान सिंह ने उनके स्वतंत्रता आंदोलन में सहयोग, उनके द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘‘शिष्टाचार‘‘एवं उनके द्वारा जमींदारी उन्मूलन में सहयोग पर चर्चा की। अन्त में उपस्थित सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके आदर्शों पर चलकर देश और समाज की सच्ची सेवा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अब्दुल कयूम, विनोद कुमार शुक्ल, जानकी प्रसाद शुक्ल, पवन सिंह, रवि जायसवाल, रवि प्रताप सिंह सहित तमाम देश भक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन