सभापति ने योजनाओं के क्रियान्वयन की ज़मीनी हकीकत को परखा : सभापति ने अधिकारियों एवं सहकारी समितियों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Nov 6, 2025
बहराइच। उ.प्र. मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड के सभापति वीरू साहनी ने कृषि विज्ञान केन्द्र सभागार में सहकारी समितियों के अध्यक्ष/सचिव एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों तथा जिले के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों एवं लाभार्थियों को जनपद स्तर पर सम्मानित कराया जाय। श्री साहनी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के जनपदों का भ्रमण कर स्थानीय स्तर पर बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन की ज़मीनी हकीकत को परखा जा रहा है ताकि जो भी कमियां पायी जायें उन्हें दूर किया जा सके। सभापति श्री साहनी ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील एवं ब्लाक स्तर पर तथा मछुआ समुदाय बाहुल्य ग्रामों में शिविर लगाकर विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय स्तर पर बनाये गये व्हाट्सअप ग्रुप पर समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा अधिक से अधिक मछुआ समुदाय के लोगों के मोबाइल नम्बर जोड़े जायें। किसान क्रेडिट कार्य की समीक्षा के दौरान श्री साहनी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मछुआ समुदाय को योजना से आच्छादित कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। सभापति ने बैठक में मौजूद जिला विकास अधिकारी राज कुमार व लीड बैंक प्रबन्ध जितेन्द्र कुमार मसन्द को निर्देश दिया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना को धरातल पर क्रियान्वित करने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करें। उन्होंने लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देश दिया कि केसीसी से सम्बन्धित आवेदन पत्रों को समय से निस्तारित करायें। निषादराज बोट सब्सिडी योजना की समीक्षा के दौरान सभापति ने मछुआ समुदाय को सुझाव कि नाव को क्रय करने के बजाय स्वयं ही उपयोगी लकड़ी की मदद से नाव तैयार कर सब्सिडी का लाभ प्राप्त करें। बैठक का संचालन प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य बाबू राम ने किया। इस अवसर पर मत्सय निरीक्षक दीपक मिश्रा व अन्य अधिकारी, जिले की सहकारी समितियों के पदाधिकारी व सदस्य, मत्स्य व्यवसाय से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे। बैठक के पश्चात मा. सभापति ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ वार्ता भी की।
विज्ञापन
विज्ञापन