: आपसी भाईचारे के साथ मनाये त्यौहारः डीएम
Admin
Thu, Mar 7, 2024
त्यौहारों के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता
कानून एवं शान्ति व्यवस्था से खिलवाड करने वालों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई
मौन रख कर डॉ. मोहम्मद आलम सरहदी को दी गई श्रद्धांजलि
सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से होगी निगहबानी
बहराइच। जनपद में आसन्न त्यौहारों महाशिवरात्रि, होलिका दहन, रंगों का पर्व होली एवं ईद त्यौहार को सौहाद्रपूर्ण पूर्ण वातावरण में शान्ति पूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से बुधवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक अत्यन्त सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई जिसमें जिला प्रशासन के साथ साथ मौजूद सभी संभ्रान्त नागरिकों ने आशा व्यक्त की कि पूर्व वर्षो की भांति इस वर्ष भी जनपद में होली का त्यौहार मिसाली भाई-चारे के साथ मनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों के अवसर पर समुचित साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल इत्यादि के लिए माकूल बन्दोबस्त किये जायेंगे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आसन्न त्यौहारों के दृष्टिगत निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराये जाने के लिए फाल्ट को समय से दुरूस्त कराएं। डीपीआरओ व नगर निकायों के ई.ओ. को निर्देश दिये गये कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व फागिंग इत्यादि कराई जाय। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, ग्रामीण डॉ पवित्र मोहन त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर सहित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सम्बन्धित विभागीय अधिकारी, धर्मगुरू, गणमान्य एवं संभ्रान्तजन तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। बैठक में पीस कमेटी के सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ मोहम्मद आलम सरहदी को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धाजंलि अर्पित की गयी।
विज्ञापन
विज्ञापन