आंगनबाड़ी कार्यकत्री से मारपीट : चार पर मुकदमा दर्ज
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Aug 3, 2025
जरवलरोड, बहराइच। स्थानीय थाना क्षेत्र के बसहिया पाते गांव में एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ उसके पति और परिजनों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वसहिया पाते निवासी संतोष कुमारी पत्नी संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 35 वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से संतोष कुमार पुत्र दुःखहरन से हुआ था। करीब 20 वर्ष पहले, उसके रहते हुए पति ने दूसरी शादी कर ली थी। पीड़िता वर्तमान में वसहिया पाते गांव में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर कार्यरत है। घटना के दिन वह विभागीय कार्य से बाहर गई थी और दोपहर लगभग दो बजे वापस लौटकर अपने कमरे और घर की देखभाल कर रही थी। तभी उसकी सौतन राजेश्वरी देवी ने उसे बिना कारण गालियां देनी शुरू कर दी। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो पति संतोष कुमार, राजेश्वरी देवी, सोनाली और सपना ने मिलकर उसे लात-घूंसों, थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। पीड़िता के अनुसार, उसे पेट और गुप्तांग पर लात से गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। आरोपियों ने उसके कमरे का दरवाजा भी तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़िता ने पड़ोसियों की मदद से कैसरगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। थाने जाने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संतोष कुमार, राजेश्वरी, सोनाली और सपना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) व 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण हेतु भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन