: कार व रोडवेज बस की आमने सामने भिड़न्त, कार चालक की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल
Admin
Fri, May 24, 2024जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत जरवल कस्बा चौकी के सामने कार और रोडवेज बस में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य 5 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको प्राथमिक चिकित्सा हेतु सीएससी मुस्तफाबाद लाया गया। शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे के करीब जरवल कस्बा चौकी के सामने लखनऊ से आ रही रोडवेज बस यूपी 77ए एन1492 तथा बहराइच से लखनऊ जा रही सिलेरियो कार यूपी 32 पी बी 9580 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। कार में सवार सभी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा हेतु सीएससी मुस्तफाबाद लाया गया। जहां कार चालक 30 वर्षीय अनुराग त्रिपाठी पुत्र अशोक त्रिपाठी निवासी आशियाना जनपद लखनऊ को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि कार में सवार 24 वर्षीय ननके पुत्र झब्बू लाल पांडे, 18 वर्षीय कैलाश पुत्र अग्नू निवासीगण मैला सरिया थाना बौड़ी, 28 वर्षीय सुनील पुत्र रामकुमार निवासी तेलियनपुरवा चिलवरिया थाना कोतवाली देहात, 30 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र मुल्क राज निवासी गाजीपुरवा थाना कैसरगंज व 35 वर्षीय उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गए। जरवलरोड पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। जहा हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार पीपी गिरी, राजस्व निरीक्षक वाहिद कमाल, लेखपाल रामकिशुन ने मौके पर पहुंच कर घायलों का हाल जाना तथा घटना की रिपोर्ट शासन को भेजी है। जरवलरोड थाना प्रभारी निरीक्षक बृजराज प्रसाद ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को तत्काल हटवा दिया गया है। आवागमन बहाल है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन