कतर्नियाघाट में पर्यटन सत्र का हुआ उद्घाटन : बलहा विधायक प्रतिनिधि व डीएफओ ने दिखाई हरी झंडी
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 1, 2026
2 नवंबर से पर्यटक जंगल की सैर कर सकेंगे
वनधन स्टॉल के पहले खरीददार बने सुजौली के प्रधान राजेश गुप्ता
थारू महिलाओं से खरीदी हस्त निर्मित टोपी
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट में रविवार प्रातः 9 बजे पर्यटन सत्र का शुभारंभ भव्य तरीके से किया गया है। पर्यटन सत्र का शुभारम्भ विधि विधान व हवन पूजन के साथ किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित के नेतृत्व में बलहा विधायक प्रतिनिधि आलोक जिंदल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। जिसके बाद आए मेहमानों को औपचारिक रूप से जीनान पर बैठालकर जंगल सफारी को डीएफओ और विधायक प्रतिनिधि ने हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। आलोक जिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जंगल से जोड़ने वाली तमाम नई सड़कों का निर्माण किया है इसके साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। डीएफओ ने कहा कि रेट लिस्ट में कोई बदलाव नही है। पिछले वर्ष के हिसाब से ही रेट रहेगा। उन्होंने कहा कि मै पर्यटकों से कहूंगा कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या आएं और जंगल की खूबसूरती व यहाँ के दुर्लभ जीव जंतुओं का दीदार कर आनंद लें। उन्होंने कहा कि इस बार साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार पर्यटकों के लिए घड़ियाल सेंटर के पास सेल्फी पॉइंट और घड़ियाल व्याख्या केंद्र का निर्माण कराया गया है। पर्यटक इन दोनों का आनंद ले सकेंगे। 1 नवंबर दिन रविवार को कतर्नियाघाट में सिर्फ पर्यटन सत्र का उद्धघाटन किया गया है। आज कतर्नियाघाट में पर्यटकों कि इंट्री नही कि गयी और न ही कोई बुकिंग ली गयी। अब 2 नवंबर से पर्यटक जंगल की सैर कर सकेंगे। इस दौरान रेंजर कतर्नियाघाट आशीष गौड़, रेंजर धर्मापुर दीपक मिश्रा, डब्ल्यू डब्ल्यू एफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन, डिप्टी रेंजर मयंक पांडे, वन दरोगा योगेश सिंह, वन रक्षक सूरज कुमार, हीरा लाल यादव, अन्नू शुक्ला, विजय पांडे, मंसूर अली आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन