डीएम व एसपी ने यातायात माह का किया शुभारम्भ : जागरूकता वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 1, 2026
बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, उनमें होने वाली जनहानि को रोकने तथा आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माह नवम्बर-2026 को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को यातायात माह के शुभारम्भ के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय से यातायात जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। उक्त वाहन रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। वाहन रैली के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से सम्बन्धित जागरूकता गीतों एवं संदेशों का प्रसारण किया गया। जिसके माध्यम से आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। यातायात माह 01 नवम्बर से 30 नवम्बर तक मनाया जाएगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर जामकर, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार, प्रतिसार निरीक्षक दिलीप कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक यातायात राम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन