एकता दिवस के रूप में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती : अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली एकता-अखंडता की शपथ
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 31, 2026
कलेक्ट्रेट परिसर से शहीद पार्क तक छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली
बहराइच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया साथ ही राष्ट्रीय अखण्डता दिवस की गरिमा के रूप अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ जिसमें प्रभारी जिलाधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कलेक्ट्रेट में आयोजित संगोष्ठी के उपरान्त प्रभारी जिलाधिकारी श्री धनवंता ने अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। कलेक्ट्रेट परिसर से शहीद पार्क तक आयोजित की गई रैली में नगर क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रभारी जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ शहीद स्मारक पहुंचकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
श्रमिकों एवं व्यापारियों को दिलाई गई राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा की शपथ
बहराइच। लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कार्यालय सहायक श्रमायुक्त में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के क्रम में कार्यालय सहायक श्रमायुक्त परिसर एवं गल्ला मंडी में सम्मानित व्यापारियों और श्रमिकों की सहभागिता से विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सहायक श्रमायुक्त राजबहादुर यादव ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
लौह पुरूष को अर्पित की श्रद्धांजलि, मरीजों को फल वितरित
बहराइच। लौह पुरुष एवं भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर महाराजा सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय में प्रधानाचार्य डॉ. प्रो. संजय खत्री के मार्गदर्शन में श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकगण एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों सहित डीएचआईओ, चिकित्सालय प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
’’रन फॉर यूनिटी’’ पर विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया गया
बहराइच। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ’’रन फॉर यूनिटी’’ पर विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। क्रीड़ाधिकारी द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर आये हुये समस्त खेलो के खिलाड़ियों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ शपथ ग्रहण किया गया। सरदार पटेल जी की द्वारा देश के प्रति किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर मो. आरिफ हॉकी प्रशिक्षक, ओमकार नाथ एथलेटिक्स प्रशिक्षक, राकेश पासवान फुटबाल प्रशिक्षक, रामसजन यादव कुश्ती प्रशिक्षक, विनोद कुमार खेलो इण्डिया फुटबाल प्रशिक्षक आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें। अन्त मंे क्रीड़ाधिकारी आनन्द कुमार श्रीवास्तव द्वारा आये हुये अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियो का आभार व्यक्त किया।
सरदार पटेल की जयंती पर एकता और अखंडता का दिया संदेश
कैसरगंज, बहराइच। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मदरसा बरकाते रजा, मौजा तांडे चतुर, सराय कनहर में भव्य रूप से एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नेता क्रांति कुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में क्रांति कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को देश लौह पुरुष के नाम से जानता है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत टांडे चतुर के प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार धवन, प्रदीप वर्मा, मदरसा बरकाते रजा के प्रबंधक इस्लाम अली, मास्टर कमलेश कुमार वर्मा, पंडित शेषनाथ मिश्रा, शिराज अली कादरी प्राचार्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन