निमोनिया से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका टीकाकरण और समय पर इलाज : विश्व निमोनिया दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Nov 12, 2025
बहराइच। विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज बहराइच के बाल रोग विभाग में बुधवार को जागरूकता संगोष्ठी और सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निमोनिया की रोकथाम, लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. परवेज ने की। जबकि संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. अरविंद शुक्ला ने किया और बताया सर्द मौसम में छोटे बच्चों को संक्रमण से बचाना बेहद जरूरी है। अगर बच्चे को तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्या दिखे तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। जल्द पहचान और इलाज से जान बचाई जा सकती है। संगोष्ठी में एमबीबीएस छात्रों, पैरामेडिकल स्टाफ और मरीजों के अभिभावकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विशेषज्ञों ने बताया कि निमोनिया बच्चों में मृत्यु का प्रमुख कारणों में से एक है, लेकिन यह पूरी तरह रोकी जा सकने वाली बीमारी है। समय पर पहचान, टीकाकरण और उचित उपचार से अधिकांश मामलों में बच्चे को स्वस्थ किया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि, “निमोनिया से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका टीकाकरण और समय पर इलाज है। बच्चों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। बाल रोग विभाग द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है और इससे समाज में स्वास्थ्य चेतना को बल मिलेगा।” कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को निमोनिया की रोकथाम और टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. अन्नू सिंह, डॉ. विकास, डॉ. मजहर, डॉ. एस.के. त्रिपाठी, डॉ. विजय मिश्रा, डॉ. कुरील समेत विभाग के अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन