: अरुणिमा, तेजस्वनी की जोड़ी ने राज्य स्तरीय बैटमिंटन ट्राफी पर जमाया कब्जा
Admin
Wed, Sep 11, 2024
प्रयागराज में आयोजित प्रदेशीय अंडर14 बालिका बैटमिंटन प्रतियोगिता में देवीपाटन मण्डल बना विजेता
बहराइच। 68वीं प्रदेशीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन प्रयागराज स्थित अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में सम्पन्न हुआ। जिसमे देवीपाटन मण्डल ने शानदार प्रदर्शन करते हुये प्रथम राउंड में कानपुर, क्वार्टर फाइनल में मेरठ सेमीफाइनल में अयोध्या तथा फाइनल राउंड में सहारनपुर मण्डल को पराजित कर प्रतियोगिता में परचम लहराया। देवीपाटन मण्डल की तरफ से छात्रा अरुणिमा, तेजस्विनी सिंह, निहारिका चौबे तथा प्राची ने अंडर 14 राज्य स्तरीय बैटमिंटन प्रतियोगिता में अपने हुनर का लोहा मनवाते हुये विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के सिंगल्स मुकाबले में उच्च प्राथमिक विद्यालय गिंधारिया की छात्रा अरुणिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुये कानपुर मण्डल को 21-4, डबल्स में अरुणिमा व तेजस्वनी की जोड़ी ने कानपुर की संगीत व नेहा को 21-11 के अंकों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। जीत के बुलंद हौसले से लबरेज देवीपाटन मण्डल की इन बच्चियों ने विजयश्री का सिलसिला जारी रखते हुये मेरठ मण्डल को क्वार्टर फाइनल और अयोध्या मण्डल को सेमीफाइनल में करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को आयोजित हुये फाइनल मुकाबले में देवीपाटन की अरुणिमा, तेजस्वनी की जोड़ी ने सहारनपुर मण्डल की टीम को बेस्ट आफ थ्री के मुकाबले में 21-7 व 21-3 के भारी अंतर से पराजित कर लोगों का मन मोह लिया। वहीं डबल्स मुकाबले में भी एकतरफा प्रदर्शन का नजारा पेश करते हुये 21-6 व 21-2 के अंकों से परास्त कर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाते हुये राष्ट्रीय स्तर पर केरल में होने वाले प्रतियोगिता में जगह बनाई। बच्चों के उम्दा प्रदर्शन और प्रदेशीय ट्राफी जीतने पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहीरवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, खण्ड शिक्षाधिकारी कमलेश मिश्र, जिला व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पाल सिंह, जिला खेल सचिव अजय सिंह ने टीम कोच कुसुमेन्द्र कुमार सिंह राणा, सब जूनियर टीम मैनेजर वंदना रंजन, खेल शिक्षिका तारा महिला, जनरल मैनेजर संजय सिंह आदि ने बधाई व शुभकामनाएं दिया। इस दौरान क्रीड़ाधिकारी श्रावस्ती शिव कुमार यादव ,उप क्रीडाधिकारी अशोक सोनकर, अभिषेक धानुक, अनुपमा धानुक ने बच्चों को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञापन
विज्ञापन