सांसद बहराइच की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई दिशा की बैठक : सभी पात्र व्यक्तियों को गोल्डेन कार्ड से आच्छादित किया जाय
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jun 2, 2026
बहराइच। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, बलहा की श्रीमती सरोज सोनकर, नानपारा के राम निवास वर्मा, विधायक कैसरगंज आनन्द यादव, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा महामंत्री रणविजय सिंह सहित निकायों के अध्यक्ष, प्रमुखगण, समिति के सदस्यगण सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक के दौरान मनरेगा की समीक्षा के दौरान सांसद द्वारा उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्देश दिया गया कि जो कार्य पूर्ण हो चुके है उनकी सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दे। इसी प्रकार उपायुक्त स्वतः रोजगार को लखपति दीदियों एवं ब्लाकवार गठित समूहों की सूची भी उपलब्ध कराये जाने के भी निर्देश दिये गये। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अन्तर्गत वर्ष में शामिल किये गये नवीन कृषकों तथा योजना से वर्षवार लाभान्वित कृषकों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये। अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से खाद्यान्न वितरण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 74 के सापेक्ष 60 भवनों के माध्यम से वितरण कार्य किया जा रहा है। सांसद द्वारा निर्देश दिया गया कि अवशेष भवनों का निर्माण पूर्ण कर सभी भवनों को जनोपयोग में लाया जाय। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक बलहा ने जनपद में संचालित पशु चिकित्सालयों एवं उनमें तैनात चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि पशु चिकित्सालयों में तैनात स्टाफ की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाय। श्रीमती सोनकर ने यह भी सुझाव दिया कि सभी चिकित्सालयों पर चिकित्सक एवं स्टाफ के मोबाइल नम्बर लिखवा दिये जायें जिससे पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पशु टीकाकरण की बाबत जानकारी करने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि माह मई के अन्त में गलाघोटू रोग से बचाव हेतु 90000 वैक्सीन प्राप्त हुई है, जिले में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है अब तक 12000 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। सांसद डॉ. गोंड द्वारा टीकाकरण कार्य में बाढ़ संभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता प्रदान करने तथा सभी गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों को शासन की मंशानुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की समीक्षा के दौरान यह ज्ञात होने पर कि 16 के सापेक्ष मात्र 05 जन औषधि केन्द्र ही संचालित है। इस स्थिति पर सांसद द्वारा नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया गया कि प्रबन्धक को नोटिस जारी करते हुए शीघ्र से शीघ्र केन्द्रों का संचालन सुनिश्चित कराया जाय। आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 419852 परिवारों के सापेक्ष 382215 परिवारों अर्थात 1741857 के सापेक्ष 1045274 पात्र व्यक्तियों को गोल्डेन कार्ड निर्गत किये गये हैं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री वयवंधन योजना के तहत अब तक 35709 वृद्धजनों केे गोल्डेन कार्ड बनाये गये हैं। निर्देश दिया गया कि योजना से असंतृप्त सभी पात्र व्यक्तियों को गोल्डेन कार्ड से आच्छादित किया जाय। बैठक के दौरान सांसद डॉ. गोंड द्वारा अन्य योजनाओं की समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया गया कि सदन में प्राप्त हुए निर्देशों तथा सुझावों का आगामी बैठक से पूर्व अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। इससे पूर्व डीएम व मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता द्वारा बैठक में आये हुए जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, डीएफओ बहराइच सुंदरेशा, सीएमओ डॉ संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी राज कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन