परम्परागत ढंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें त्यौहारः डीएम : माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरूद्ध सख्ती के साथ की जायेगी कार्यवाही
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 25, 2025
बहराइच। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्राओं, मोहर्रम व अन्य आसन्न त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने विभिन्न समिति के पदाधिकारियों व आमजन से अपील की है कि परम्परागत ढंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को मनायें तथा शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में यदि कहीं से कोई भी सूचना प्राप्त हो तो उसे तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की कानून एवं शान्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरूद्ध सख्ती के साथ कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से पूर्व की भांति आगामी त्यौहार भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। डीएम ने सुरक्षा की दृष्टि से ताजियादारों से अपील की कि ताजिया व अलम की ऊंचाई को लेकर विशेष ध्यान रखें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। बैठक के दौरान राजेन्द्र गुप्ता, श्रीमती निशा शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजे खां, रूमी मियंा, कल्बे अब्बास, सै. सगीर इमाम, मौलाना मोईनुद्दीन कादरी, लड्डन नेता सहित अन्य संभ्रान्तजनों द्वारा बिजली, पानी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जुलूस मार्गों के आवश्यक मरम्मत आदि के सम्बन्ध मंे महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामान्न्द कुशवाहा व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष तथा आयोजन समिति के पदाधिकारी व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन