त्यौहारों के अवसर पर जनपद में रहेगी गुड पुलिसिंग व्यवस्था: एसपी : ड्रोन का प्रयोग करने पर सम्बन्धित के विरूद्ध की जायेगी कार्रवाई
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Aug 4, 2025
बहराइच। बाढ़ आपदा, हर घर तिरंगा व आसन्न त्यौहारों के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने बताया कि आसन्न त्यौहारों रक्षा बन्धन, चेहल्लुम व श्रीकृष्ण जन्ताष्टमी आदि के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूर्व की भांति गुड पुलिसिंग की व्यवस्था रहेगी। रक्षाबन्धन के अवसर पर जनपद में सुचारू यातायात व्यवस्था को बनाये रखने के लिए व्यापक प्रबन्ध सुनिश्चित किये जा रहे हैं। चेहल्लुम के अवसर पर मोहर्रम की भांति सुरक्षा व्यवस्था के प्रबन्ध किये जायेंगे। श्री सिंह ने कहा कि ग्राम स्तर पर भी परम्परागत ढंग से त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए ग्राम सुरक्षा समितियों को भी सक्रिय किया जा रहा है। एसपी श्री सिंह ने कहा कि पुलिस बल के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति द्वारा ड्रोन का प्रयोग करने पर सम्बन्धित के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस विभाग द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, सामाजिक समरसता को प्रभावित करने तथा कानून एवं शान्ति व्यवस्था को प्रभावित करने के दृष्टिगत यदि कोई पोस्ट डाली जाती है तो सम्बन्धित के विरूद्ध आई.टी. एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। एसपी श्री सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ के दृष्टिगत पूर्व की भांति सभी तैयारियां कर ली गयीं है। बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में 44 पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। यहां पर तैनात पुलिस बल स्थानीय नागरिकों एवं तहसील प्रशासन को बचाव एवं राहत कार्यों में सहयोग प्रदान करेगा। जनपद स्तर पर भी बाढ़ के दृष्टिगत कन्ट्रोल स्थापित किया गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक रामान्नद कुशवाहा व दुर्गा प्रसाद तिवारी, अधि.अभि. ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन