भेड़िए के हमले में दो मासूम घायल : महिलाओं की बहादुरी से टली बड़ी घटना
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Nov 15, 2025
फखरपुर, बहराइच। थाना फखरपुर क्षेत्र के ग्रामसभा कोठवल कलां में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे भेड़िए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो मासूम बच्चे घायल हो गए। पहली घटना में ग्राम निवासी विजय साहू का पुत्र शिवांशु साहू घर के बाहर खेल रहा था, तभी भेड़िए ने उस पर झपट्टा मारा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद महिलाओं ने साहस दिखाते हुए भेड़िए को भगाया और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। घायल शिवांशु का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में चल रहा है। इसी दौरान कुछ देर बाद भेड़िए ने रामसिंह पुत्र बाबादीन की पुत्री अंजनी देवी तीन वर्ष पर भी हमला कर दिया और उसे दबोचकर ले जाने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर बच्ची की मां पूजा देवी मौके पर पहुंचीं और बहादुरी दिखाते हुए बच्ची को छुड़ा लिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल सीएचसी फखरपुर भेजा गया। जहां उसका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से गांव में भेड़िए की लगातार हो रही सक्रियता पर ध्यान देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। वहीं बेलहरी निवासी मकबूल अहमद 65 वर्ष पर भेड़िये ने हमला कर दिया। तभी गांव के लोगों ने भेड़िये को घेरकर करीब 3 बजे मार गिराया। ग्रामीणों का कहना है कि भेड़िया है वहीं वन विभाग के अधिकारी कह रहे है सियार है।
विज्ञापन
विज्ञापन