मारूति इको और अर्टिगा की आमने-सामने भिड़ंत : 9 घायल, दो गंभीर
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 10, 2026
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर नायरा पेट्रोल पंप के निकट बुधवार दोपहर करीब 2 बजे इको वाहन और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में एक मोटरसाइकिल सवार भी आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको वाहन सड़क पर पलट गया। जिससे उसमें सवार लोग दबकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नायरा पेट्रोल पंप से लगभग 200 मीटर आगे जरवल-लखनऊ मार्ग पर इको वाहन, अर्टिगा कार और एक अज्ञात मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही जरवलरोड प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, जरवल चौकी प्रभारी राकेश पांडे, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मो. इरशाद (26 वर्ष) पुत्र अब्दुल हक निवासी लौकाही थाना कैसरगंज व अरुण (18 वर्ष) पुत्र राम किशुन निवासी मेदवापुर थाना कैसरगंज की हालत नाजुक देखते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया। दुर्घटना में घायल अन्य लोगों में पृथ्वी पाल (38 वर्ष) पुत्र श्यामलाल निवासी मेदवापुर, मोहम्मद आरिफ (35 वर्ष) पुत्र अब्दुल हक निवासी लौकाही, दिलशाद (23 वर्ष) पुत्र अंसार अहमद निवासी बढ़ौली (बाइक सवार), ताज बाबू (21 वर्ष) पुत्र भोले निवासी डिघवा शेर बहादुर, गोलू (15 वर्ष) पुत्र राम किशुन निवासी मेदवापुर, सचिन (14 वर्ष) पुत्र मुन्ना लाल निवासी मेदवापुर तथा विजयराज (28 वर्ष) पुत्र गयादीन निवासी मेदवापुर शामिल हैं। जरवलरोड पुलिस ने हाइड्रा मशीन मंगवा कर सड़क पर पलटी कार को हटवा कर अलग कराया उसके बाद आवागमन बहाल हुआ। करीब 1 घंटे सड़क के दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारे लगी रही। जबकि कड़ाके की धूप थी दोपहर का समय था। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन