: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत आयोजित होगा 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
Admin
Sat, Jun 15, 2024प्रशिक्षित किये जायेंगे परम्परागत कारीगर
बहराइच। पारम्परिक कारीगरों की आजीविका के साधनों के सुदृढ़ीकरण के लिए उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उत्तर प्रदेश कानपुर द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत बढ़ई, दर्जी, लोहार, कुम्हार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, सुनार, हलवाई, नाई एवं मोची जैसे पारम्परिक कारीगरों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इच्छुक व्यक्ति विभागीय वेबसाइट एमएसएमई डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन एवं डीआईयूएमएसएमई डाट यूपीएसडीसी डाट जीओवी डाट इन पर 15 जुलाई तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु वर्ष 2024-25 हेतु 975 का लक्ष्य आवंटित हुआ है। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है। योजना की पात्रता सम्बन्धी जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आवेदन करने की तिथि को आवेदक की आयु न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक को उक्त पारम्परिक कारीगरी व्यवसाय से जुड़े होना चाहिए। योजनान्तर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु ऐसे भी व्यक्ति पात्र होंगे जो परम्परागत कारीगरी करने वाली जाति से भिन्न हों ऐसे आवेदकों को ग्राम प्रधान, अध्यक्ष नगर पंचायत/नगर पालिका परिषद अथवा सम्बन्धित वार्ड के सभासद द्वारा प्रदान किया गया प्रमाण-पत्र जिसमें इस बात का उल्लेख हो कि आवेदक परम्परागत कारीगरी से जुड़ा है, प्रस्तुत करना होगा। आवेदन करते समय आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नम्बर, बैंक पासबुक की छाया प्रति तथा का पासपोर्ट साइज़ के फोटो की आवश्यकता होगी। विस्तृत जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग तथा उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र बहराइच से सम्पर्क किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन