: जमीनी विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
Sun, Feb 11, 2024
बिछिया, बहराइच। जिले में जमीनी विवाद के चलते मारपीट की घटनाये बढ़ती ही जा रही है। आये दिन इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही है। बीती रात जमीनी विवाद के चलते एक युवक पर दूसरे ने फायर झोंक दिया। जिसके चलते वह घायल हो गया। इलाज के लिए उसे सीएचसी मोतीपुर भेजा गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां भी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत ग्राम पंचायत मझरा का है। जहां अनीस पुत्र मोहम्मद शरीफ का जमीनी विवाद गांव निवासी मनीराम से चल रहा है। शनिवार शाम सात बजे के आसपास अनीस गांव से निकल रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे मनीराम ने अपने साले बाबू राम निवासी नौबना गांव की मदद से घेर लिया। इसके बाद अवैध तमंचा से अनीस पर फायरिंग कर दी। जिससे अनीस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोगों की मदद से सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी इलाज के दौरान हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह ने बताया कि घायल के पिता की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल की हालत में सुधार है जल्द ही और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में पुलिस ने दो लोगों के विरूद्ध धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की व शीघ्र ही आरोपियों के गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
: रामगांव के महरी में सशस्त्र डकैतों का धावा
Sun, Feb 11, 2024
असलहों की बट से परिजनों को मार कर लाखों सम्पत्ति लूट ले गए बदमाश
बहराइच। डीआईजी व पुलिस अधीक्षक जहां जिले में अपराध रोकने के लिए थाना प्रभारियों को सख्त हिदायतें दे रहे है। अधिकारियों का दौरा निरन्तर जारी है। बावजूद इसके बीते एक सप्ताह में अपराधिक घटनाओं में अचानक बढ़ोत्तरी हो गई है। बीती रात्रि थाना रामगांव के ग्राम महरी निवासी देशराज के यहां सशस्त्र डकैतों ने धावा बोलकर लाखों की सम्पत्ति लूट ले गए। विरोध करने पर परिजनों को असलहों के बट, बांका व सरिया मार कर घायल कर दिया। गौरतलब हो कि बीती रात्रि देशराज के घर में सशस्त्र डकैतों ने घर में घुसकर जबरन दरवाजा खुलवाने लगे। 8 से 9 की संख्या में डकैत जबरन घर में घुसकर गृहस्वामी का गला दबा दिया। विरोध करने पर जब अन्य परिजन पहुंचे तो बदमाशों ने प्रमोद सिंह के सर पर असलहे की बट से मार कर घायल कर दिया तथा हाथ पर भी बांका मारकर घायल कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों को घायल करने के बाद बदमाश यहां से लाखों की सम्पत्ति लूट ले गए। महिला ने जब बाहर निकलकर शोर मचाया तो ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाशा मौके से भाग निकले। सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची तब तक बदमाश अपना काम कर जा चुके थे। ग्रामीणों ने रात्रि में ही रामगांव थाने के सीयूजी नम्बर पर फोन किया तो फोन नहीं उठा। पीड़ित महिला ननका ने बताया कि आठ से नौ की संख्या में रात्रि करीब डेढ बजे डकैत जबरन घर में घुसे। डकैत जबरन दरवाजा खुलवाते हुए असलहें की बट से घायल कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी महसी अनिल सिंह, थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने सुबह पहुंचकर मौके की जांच पड़ताल की व पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं मजे की बात तो यह है कि पुलिस घटना को दबाती रही। खबर के संबंध में जब रविवार सायं 6ः38 बजे थाना प्रभारी शशि कुमार राणा के मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया गया तो घण्टी बजने के बाद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया।
: लूट के शिकार घायल सर्राफा व्यवसाई से डीआईजी ने की अस्पताल में मुलाकात
Sat, Feb 10, 2024
बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर सर्राफा व्यवसाई को लूटा था
दुकान बंद कर देर शाम घर वापस लौट रहा था व्यापारी
बहराइच। लूट के शिकार हुए सर्राफा व्यवसायी से मेडिकल कालेज पहुंचकर देवीपाटन मंडल डीआईजी अमरेंद्र सिंह ने मुलाकात की व घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए। गौरतलब हो कि शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर घर जा रहे सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर नगदी व जेवरात लूट ले गए थे। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी थी। जिस पर पुलिस ने पहुंच कर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया था। गौरतलब हो कि कोतवाली नानपारा अंतर्गत शिवालाबाग निवासी अमित कुमार सोनी पुत्र कृपा शंकर सोनी सर्राफा व्यवसाई हैं। प्रतिदिन की तरह वह बुधवा गांव में स्थित दुकान को शुक्रवार देर शाम 8 बजे बंद कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में नई बस्ती नहर पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर 50000 नगदी और सोने चांदी के जेवरात लूट ले गए थे। घायल व्यापारी सड़क पर ही पड़ा रहा था। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने जब सड़क पर व्यापारी को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी थी। घायल को स्थानीय चिकित्सालय से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। कोतवाल नानपारा मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि लूट की घटना पर पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। लूट की सूचना पर पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने घटना स्थल का देर रात निरीक्षण किया था और प्रभारी निरीक्षक नानपारा मिथिलेश राय को जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया था कि लूट की वारदात हुई है। खुलासे के लिए चार टीम लगाई गई है। जल्द घटना का अनावरण कर लिया जाएगा। मामले में जानकारी के बाद डीआईजी देवी पाटन मंडल अमरेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार अस्पताल पहुंचकर पीड़ित व्यापारी से मुलाकात की तथा घटना के संबंध में पूछताछ की। डीआईजी ने लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिया।