: जनपद में समारोहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
Tue, Oct 31, 2023
बहराइच। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस 31 अक्टूबर ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के अवसर पर जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मोनिका रानी ने अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूजा चौधरी, प्रशिक्षु पी.सी.एस. ज्योति चौरसिया, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों व कलेक्ट्रेट कर्मियों के साथ सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्वासुमन अर्पित किये। कलेक्ट्रेट सभागार में मौजूद लोगों को जिलाधिकारी मोनिका रानी ने राष्ट्रीय एकता दिवस का संकल्प दिलाया कि ‘‘मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूॅ कि मैं राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाएं रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह सन्देश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूॅ जिसे सरदार बल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प लेता हूॅं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा के लिए सरदार बल्लभ भाई पटेल द्वारा दिये गये योगदान के लिए देश उन्हें सदैव याद करता रहेगा। डीएम ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने अथक प्रयासों से 565 रियासतों का विलय कराकर अखण्ड भारत के निर्माण में अविस्मरणीय सहयोग प्रदान किया। डीएम ने कहा कि आज हम सभी लोगो को सरदार बल्लभ भाई पटेल के दिखाये गये मार्ग पर चल कर देश की एकता, अखण्डता के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। हमारा यही कृत्य सरदार पटेल को सच्ची श्रृद्धांजलि होगी। इसके उपरान्त डीएम ने अन्य अधिकारियों के साथ शहीद पार्क पहुंच कर शहीद स्मारक स्तम्भ व सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया।
सीडीओ ने लौह पुरूष को अर्पित किए श्रद्धा सुमन
बहराइच। विकास भवन परिसर में लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर.राम्या द्वारा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि देश को एकता के सूत्र में पिरोने का जो कार्य सरदार बल्लभ भाई पटेल ने किया था इसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जायेगा। देश के तमाम रियासतों का विलय कराकर उन्होंने एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कराया था। आज आवश्यकता है कि हम सब उनके दिखाये गए रास्तों पर चलकर देश को मजबूत बनाये। कार्यक्रम के दौरान विकास भवन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
: चिलवरिया बाजार में भड़काऊ नारे लगाने वाले पांच उपद्रवी गिरफ्तार
Tue, Oct 31, 2023
बहराइच। समुदाय विशेष के युवकों द्वारा हिंदू समुदाय के लोगों के साथ मारपीट और गाली गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी ने बीते दिनों एक युवक सहित अन्य लोगों पर हमला किया था तथा पाकिस्तान जिंदाबाद सहित अल्लाह हू अकबर और नारे तकबीर जैसे भड़काऊ नारे लगा कर अन्य उपद्रवियों को इकट्ठा किया था। कोतवाली देहात पुलिस ने नारा लगाने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस फरार अन्य नामजद और अज्ञात लोगों की तलाश में दबिश दे रही है। ज्ञातव्य हो कि कोतवाली देहात अंतर्गत चिलवरिया बाजार में शनिवार को अमन सोनी पुत्र संतोष सोनी पर समुदाय विशेष के लोगों ने हमला कर दिया था। विरोध करने पर अल्लाह हू अकबर नारे तकदीर और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए सैकड़ो की भीड़ एकत्रित कर लिया था। समुदाय विशेष के लोगों के हमले में अमन सोनी समेत पांच लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को मामले की शिकायत लोगों ने डीजीपी से कर दी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने कोतवाली देहात पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडे द्वारा गठित टीम ने इमलिया पुरानी बाजार निवासी इरशाद अहमद उर्फ शानू पुत्र अली अहमद, मोहम्मद मजीद पुत्र मोहम्मद शरीफ, कमरुद्दीन अहमद पुत्र मोहम्मद रईस, मोहम्मद शमी पुत्र मोहम्मद इब्राहिम व नूर बाबू को गिरफ्तार किया। मोहम्मद शमी उर्फ टायफून व कमरूद्दीन अहमद के विरुद्ध पहले से ही देश विरोधी नारे लगाने, उपद्रव, चोरी, मारपीट, बलवा व हत्या के प्रयास सहित कई अन्य मामले दर्ज है। गिरफ्तारी टीम में चिलवरिया चौकी प्रभारी अजय प्रताप यादव, हे.का.इन्द्रेश पासवान, हे.का.ओंकार नाथ यादव, का.अंगद चौरसिया, का.अमित पटेल शामिल रहे।
: पिकअप ने बाइक सवार को मारी ठोकर, दम्पति व चार माह की बेटी की मौत
Tue, Oct 31, 2023
बहराइच। बाइक से छह बच्चों और पत्नी को ससुराल ले जा रहे ग्रामीण की बाइक और पिकअप वाहन में रात को टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही दंपती की मौत हो गई। जबकि चार माह की बेटी ने लखनऊ ले जाते समय दम तोड दिया। तीन बेटियों का इलाज चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घटना का निरीक्षण किया है। रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत काजीजोत अकेलवा बाजार निवासी दुर्गेश पुत्र महरु की ससुराल हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम करेहना में है। सोमवार रात को दुर्गेश बाइक से अपनी पत्नी शकुंतला और छह बच्चों को बैठाकर ससुराल कनेहरा जा रहा था। कोतवाली देहात अंतर्गत नानपारा बाईपास सब्जी मंडी के पास त्रिमुहानी रोड पर रात 10.30 बजे पिकअप ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार छह बच्चे लक्ष्मी 12, कोमल 8, मनीषा 6, सजल 10, शिवांगी 4 और रागिनी 4 माह घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। रात 11 बजे अस्पताल चौकी में तैनात सिपाही अखिलेश कुमार वर्मा, नीलेश ने तत्काल एंबुलेंस से बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टर शिवम मिश्रा ने रागिनी और चार माह के सजल हो को लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में चार माह की बच्ची रागिनी की मौत हो गई। जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने जिला अस्पताल पहुंच कर भर्ती बच्चों का हाल जाना। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि एक बाइक पर आठ लोग सवार थे। हादसे में दंपती और बेटी की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।