: मण्डी परिसर स्थित धान क्रय केन्द्र का डीएम ने किया निरीक्षण
Wed, Nov 1, 2023
फीता काटकर जनपद में धान खरीद कार्य का किया शुभारम्भ
बहराइच। खरीफ विपणन वर्ष अन्तर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत 01 नवम्बर से प्रारम्भ होने वाली धान खरीद जिलाधिकारी मोनिका रानी ने शुभारम्भ किया। डीएम ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति परिसर सलारपुर पहुंचकर विधिवत् पूजा-अर्चना के उपरान्त फीता काटकर क्रय एजेन्सी खाद्य एवं रसद विभाग के धान क्रय केन्द्र का उदघाटन करते हुए विकास खण्ड चित्तौरा के ग्राम पंचायत जोहरा से आये कृषक हेमन्त वर्मा व कमोलिया निवासी कृषक मंशाराम का स्वागत कर अपने सम्मुख उनके उपज की तौल करायी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह, सचिव मण्डी समिति बहराइच धनन्जय सिंह, केन्द्र प्रभारी देवेन द्विवेदी व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी केन्द्र पर किसानों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। शासन की मंशानुरूप किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। आवश्यकतानुसार क्रय केन्द्रों पर संसाधनों की बढ़ोत्तरी भी की जाय ताकि किसानों के उपज की आसानी के साथ खरीदा जा सके। डीएम मोानिका रानी ने किसानों से अपील की है कि अपनी उपज धान को सूखा कर क्रय केन्द्र पर लाये तथा बिक्री हेतु शासन द्वारा निर्धारित पोर्टल एफसीएस डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन पर अपना पंजीकरण अवश्य करा लें ताकि तहसीलों द्वारा समय से सत्यापन की कार्यवाही की जा सके। डीएम ने बताया कि शासन की मंशानुरूप जनपद में धान की खरीद सुनिश्चित कराने के लिए सभी क्रय केन्द्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नामित किये गये हैं।
: जिले में यातायात माह का डीएम व एसपी ने किया शुभारम्भ
Wed, Nov 1, 2023
जागरूकता वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों व गम्भीर रूप से घायल लोगों की संख्या में कमी लाये जाने, यातायात नियमों के पालन के साथ वाहनों का संचालन तथा वाहन का संचालन करते समय शत-प्रतिशत हेमलेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के प्रति आमजन में जनजागरूकता पैदा करने के उद्देश्य 01 से 30 नवम्बर तक आयोजित होने वाले यातायात माह के शुभारम्भ अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा व मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया, ए.आर.टी.ओ. राजीव कुमार व ओ.पी. सिंह, ए.आर.एम. प्रेम प्रकाश, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले सभी स्टेक होल्डर्स को बधाई देते हुए कहा कि यातायात नियमों के पालन के लिए मात्र जिला प्रशासन का सहयोग काफी नहीं होगा। डीएम ने कहा कि इसके लिए लोगों की सोच में परिवर्तन लाये जाने की आवश्यकता है जिसके लिए समाज के सभी वर्गों विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, अधिवक्ता, शिक्षकों व व्यापारिक प्रतिनिधियों को आगे आना होगा। डीएम ने कहा कि सभी माता-पिता व परिवार के बड़े बुज़ुगों का कर्तव्य है कि बच्चों को अच्छे संस्कार के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन करने की सीख दें। उन्होंने कहा कि प्रायः मार्ग दुर्घटनाओं में घायल या मरने वाले व्यक्तियों में अधिकतर संख्या युवाओं की होती है। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में तमाम तरह के सुधारात्मक उपाय किये जा रहें हैं। व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को सुरक्षित ड्राईव करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रेरित भी किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित इलाज मुहैया कराये जाने के प्रति गम्भीर है। इस बात के दृष्टिगत मा. न्यायालय द्वारा नेक आदमी के सम्बन्ध में दिशा निर्देश जारी किये गये हैं जिसका उल्लेख सभी चिकित्सालयों में प्रमुखता के साथ किया गया। नेक आदमी के सम्बन्ध में जारी निर्देशों के कारण अब लोगों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने में तनिक भी संकोच नहीं करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने के प्रति कटिबद्ध है। इसके लिए यातायात नियमों में तमाम तरह के बदलाव किये गये हैं। श्री वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों को यातायात नियमों की जानकारी हो जाये और लोग स्वयं से यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मार्ग दुर्घटनाओं में मृत्यु व गम्भीर रूप से घायल होने के पीछे का मुख्य कारण लोगों का सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग न करना है। उन्होंने जिले के सभी जिम्मेदार नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों व वरिष्ठ नागरिकों का आहवान किया कि लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
: हास्पिटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने वाला दूसरा अभियुक्त गिरफ्तार
Wed, Nov 1, 2023
बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस द्वारा एक निजी चिकित्सालय के मैनेजर को गोली मार कर घायल कर देने वाले दूसरे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बीते 28 अक्टूबर की रात्रि इण्डिया हास्पिटल के सामने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हास्पिटल मैनेजर विनीत कुमार सिंह के ऊपर जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया था। किसी तरह उसने भागकर अपनी जान बचाई थी। गोली विनीत सिंह के पैर में लगी थी। जिसके संबंध में सुनीत कुमार सिंह पुत्र स्व.ओम प्रकाश सिंह निवासी ग्राम धरसवा थाना कोतवाली देहात की तहरीर पर थाना कोतवाली देहात पर मुअसं. 653/2023 धारा 307, 201 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के दूसरे अभियुक्त आशीष कुमार चौबे पुत्र स्व.कालीदास निवासी सिसई हैदर टेड़वा बसंतापुर थाना कोतवाली देहात को गोनार्द लान निकट पानी टंकी के पास से बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया। घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्टार राईडर बाइक को भी बरामद किया गया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, हे.का.अर्जुन गौड, का.अनुराग शर्मा, का.अशोक कुमार यादव, का.सुनील कुमार शामिल रहे।