स्वतंत्रता सेनानी सरदार जोगेन्दर सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि : स्वतंत्रता सेनानी सरदार जोगेन्दर सिंह की प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Aug 2, 2026
बहराइच। आत्मीय पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, वीरांगनाओं और क्रांतिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र गीत वन्देमातरम् का गायन किये जाने के क्रम में स्थानीय सेनानी भवन परिसर में स्थापित महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार जोगेन्दर सिंह (पूर्व राज्यपाल उड़ीसा और राजस्थान) की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित सेनानी उत्तराधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि सरदार जोगेन्दर सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश प्रान्त के जनपद श्रावस्ती पूर्व जिला बहराइच के भंगहा (हरिहरपुर रानी) गांव में हुआ था। इनके पिता का नाम सरदार अवतार सिंह था। शिक्षा काल्विन ताल्लुकेदार कालेज लखनऊ में हुई। साइमन कमीशन के विरोध में वर्ष 1930 में सक्रिय भागीदारी करके कांग्रेस के सक्रिय सदस्य बने। वर्ष 1940 में व्यक्तिगत सत्याग्रह एवं वर्ष 1942 के ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो‘ आन्दोलनों में लगभग 03 वर्ष तक बहराइच, लखनऊ, नैनी जेलों में कारावास की सजा भोगी। इस दौरान संरक्षक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी, संगठन के उपाध्यक्ष रामदीन गौतम, संगठन के विशेष कार्याधिकारी भानु प्रताप द्विवेदी एडवोकेट, शिव नारायण, तुलसी राम मौर्य, दोस्त मोहम्मद, अब्दुल रहमान, मुरली पाण्डेय, शेषराज तिवारी, राम सागर आर्य सहित तमाम सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन