ट्रक ने बाइक में मारी ठोकर, पत्नी व बेटी की मौत, पति घायल : जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर बाइक से लौट रहे थे घर
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Aug 3, 2026
नानपारा चीनी मिल के पास हुई घटना
बहराइच। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल के पास हुआ। नानपारा के चौक बाजार निवासी भोला सरकार 45 अपनी पत्नी सुमित्रा 40 और बेटी गहना 17 के साथ मटेरा स्थित बाबा जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे टोल प्लाजा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी गहना ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल भोला सरकार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन