बाइक चोर गिरोह की पुलिस से हुई मुठभेड़, एक बदमाश को पैर में लगी गोली : दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, पिस्टल व कारतूस बरामद
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Sep 23, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रुपईडीहा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, एक अवैध पिस्टल, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 22/23 सितंबर की रात प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा हमराह पुलिस टीम के साथ रुपईडीहा-बाबागंज मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ जैतापुर से चिकनिया होते हुए नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम चिकनिया जाने वाले मार्ग पर पहुंचकर वाहनों की चेकिंग करने लगी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम पुत्र बाबू उर्फ जलील निवासी सीतापुरवा सहजनवा, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
बहराइच। रिसिया व रामगांव पुलिस द्वारा द्वारा चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक रिसिया करुणाकर पान्डेय ने बताया कि के चोरी की मोटर साइकिल के साथ जुमई पुत्र दुन्नी निवासी ग्राम लखैया जदीद थाना रिसिया को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय के समक्ष पेश करने हेतु रवाना किया गया। वही थाना रामगांव थानाध्यक्ष दिवाकर तिवारी ने बताया कि मेरे नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा स्थानीय थाना पर पंजीकृत मुअसं. 352/2026 धारा 303(2)/317(2)/318(4) बीएनएस थाना रामगांव से सम्बन्धित अभियुक्त हिमांशू पाल पुत्र रामदेव पाल उम्र करीब 22 वर्ष निवासी चंदापुरवा दा. बंगलाचक थाना रिसिया केो गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन