: मार्ग दुर्घटनाओं में दो की मौत एक घायल
Admin
Tue, Nov 5, 2024बहराइच। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक निजी कालेज के प्रिंसिपल भी शामिल है। जबकि एक युवक घायल हो गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लखीमपुर खीरी जिले के कोतवाली धौरहरा अंतर्गत लाखीपुर गांव निवासी राधेश्याम तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी 49 वर्ष जिले के विकास खंड मिहीपुरवा के ग्राम गिरगिट्टी में संचालित सावित्री देवी जगदीश प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे। वह सोमवार शाम को मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा सब्जी मंडी आए थे। पैदल चलते समय नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे प्रधानाचार्य की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं जरवलरोड थाना क्षेत्र ग्राम खासेपुर गांव निवासी राधा देवी पत्नी बालक राम अपने बेटे अमरेश बहादुर के साथ बाइक से रात में घर के लिए जा रही थी। लखनऊ मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मारी। इसके बाद पीछे से दूसरे वाहन ने महिला को रौंद दिया। महिला की मौत हो गई। जबकि बेटा घायल हो गया। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया है। उधर रामगांव थाना क्षेत्र के नानपारा-बहराइच बाईपास मार्ग पर तमाचपुर सब्जी मंडी के पास पिकअप वाहन में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप वाहन नाले में गिर गया। ट्रक भी पीछे से लुढ़क गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।
बालू अनलोड करते समय दो युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे, एक की मौत
रिसिया, बहराइच। थाना रिसिया के रिसिया मोड़ पुलिस चौकी के निकट बालू से लदे ट्रक को अनलोड करते समय दो युवक बिजली के तार की चपेट में आकर झुलस गए। जिनमे ट्रक ड्राइवर की हालत ज्यादा खराब हैं। घटना के संबंध में जानकारी मिली है। रिसिया मोड़ हाइवे पर पुलिस चौकी के निकट केजीएम निजी हास्पिटल के निकट शाम साढ़े चार बजे बालू से लदी ट्रक को सड़क के किनारे खड़ी कर ट्रक को अनलोड की नपाई करते समय ट्रक ड्राइवर और लेबर ऊपर से गुजरी 33हजार की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। ट्रक ड्राइवर/ट्रक मालिक की हालत गंभीर है। जिन्हे रिसिया सीएचसी लाया गया था। जिसके बाद तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ट्रक ड्राइवर की पहचान अल्ताफ पुत्र मोहर्रम अली उम्र 30 वर्ष निवासी जरवलरोड के रूप में की गई। यह ट्रक नंबर यूपी 77टी 6951 का मालिक भी है। दूसरे घायल युवक रज्जब पुत्र मुस्तकीम उम्र 42वर्ष निवासी मैंगलापुरवा, सिंगहा थाना मटेरा का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि ट्रक को अनलोड करने की नियत से ट्रक पर चढ़े युवक बिजली की तार की चपेट में आ गए। जिनमे ट्रक ड्राइवर/मालिक की हालत ज्यादा गंभीर है। जिन्हे सीएचसी रिसिया भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रिफर कर दिया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन