ब्रेकिंग

बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर

दो प्रभारी निरीक्षक व तीन उप निरीक्षक लाइन हाजिर

पीआरडी जवानों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में सीएम ने की दैनिक भत्ता बढ़ाने की घोषणा

सेनानी उत्तराधिकारियों ने सुभाष चन्द्र बोस द्वारा राष्ट्र के प्रति किये गये संघर्षों को किया याद

डूबे बुजुर्ग की तलाश में पुलिस और प्रशासन प्रयास में

Ad

डंपर की ठोकर से साइकिल सवार घायल : बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर

Kunwar Diwakar Singh

Tue, Aug 18, 2026

जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर झुकिया मोड़ के निकट एक अज्ञात डंपर ने साइकिल सवार अधेड़ को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार जरवलरोड थाना क्षेत्र के झुकिया टेपरा गांव निवासी 50 वर्षीय मंसाराम यादव पुत्र बहोरी मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जरवलरोड बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लखनऊ-बहराइच हाईवे पर झुकिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मंसाराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घाघरा नदी में डूबे अधेड़ का शव तीसरे दिन बरामद

जरवलरोड, बहराइच। थाना जरवलरोड क्षेत्र के धनराजपुर बाबा कुटिया गांव में रविवार को घाघरा नदी के बाढ़ के पानी में डूबे अधेड़ धनीराम यादव (60) का शव मंगलवार को तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मुहम्मदपुर खुर्द-धनराजपुर के सामने लिंक नदी के छोर पर घाघरा के नाले के किनारे शव पानी में उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। धनराजपुर ग्राम पंचायत के बाबा कुटी निवासी धनीराम यादव पुत्र भरोसे रविवार को रोज की तरह भैंस लेकर बांध के निकट घाघरा नदी के नाले को पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव के बीच भैंस ने अचानक पानी में डुबकी लगाकर तैरना शुरू कर दिया। भैंस की पूंछ से पकड़ छूट जाने के कारण धनीराम गहरे पानी में डूब गए थे। तभी से पुलिस, गोताखोरों और मोटर बोट की मदद से उनकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार को तलाश के दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर घाघरा के नाले के किनारे पानी में शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह टीम के साथ पहुंचे और शव बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया गया। तीन दिन तक चले तलाश अभियान के बाद शव बरामद होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ट्रेन के आगे कूदकर अज्ञात युवक ने दी जान

जरवलरोड, बहराइच। स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट चीनी मिल के पास फाटक संख्या 295 पर मंगलवार को एक अज्ञात युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना के बाद ट्रेन चालक ने ट्रेन रोककर इसकी सूचना रेलवे स्टेशन पर दी। ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम, आरपीएफ बुढ़वल और जीआरपी गोंडा को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं आरपीएफ बुढ़वल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ट्रेन के इंजन में शव फंस जाने के कारण 55061 गोंडा से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही। पुलिस और आरपीएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को इंजन से बाहर निकलवाया। इसके बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई। ट्रेन चालक ने बताया कि अचानक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दी थी। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रेन करीब एक घंटे खड़ी रहने से गोंडा की ओर से लखनऊ जाने वाली बरौनी 5203, राप्तीसागर 2521 सहित दर्जन ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें