लाभार्थियों को वितरित किये गये टूलकिट व प्रमाण पत्र : 30 लाभार्थियों को टूलकिट एवं प्रमाण पत्र का वितरण किया गया
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 30, 2026
बहराइच। जिला उद्योग केन्द्र परिसर में आयोजित टूल किट एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के दौरान विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर व विधायक नानपारा राम निवास वर्मा द्वारा विभिन्न ट्रेडों अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को टूल किट एवं प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। वितरण समारोह के दौरान उद्योग विभाग द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अन्तर्गत दर्जी ट्रेड के लगभग 100 एवं हलवाई ट्रेड के 20 तथा ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण योजना के अन्तर्गत गेहूॅ के डण्ठल से कलाकृतियो के निर्माण हेतु 30 लाभार्थियों को टूलकिट एवं प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। लाभान्वित लाभार्थियों में 12 लाभार्थी जनजाति के थे। विधायक द्वय ने लाभार्थियों का आहवान किया कि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमों को गति प्रदान करने, उद्योगो को प्रोत्साहित करने एवं इस क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार सृजित किये जाने तथा प्रदेश में पूंजी निवेश को आकर्षित करने हेतु महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का भी भरपूर लाभ उठायें। जिसके अर्न्तगत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र हेतु रू. पांच लाख तक व्याज मुक्त का ऋण प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम के अन्त में उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर अपना दल के जिलाध्यक्ष गिरीश चन्द्र पटेल, विधायक बलहा प्रतिनिधि संजय सोनकर, नगर पंचायत मिहींपुरवा के चेयरमैन जितेन्द्र मदेशिया, भाजपा के मण्डल उपाध्यक्ष रामानन्द मौर्या सहित नरेश पासवान, ग्रामसभा गौड़रिहा के प्रधान कमलेश, उद्योग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन