सावन के पहले दिन सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे एसपी : श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का लिया जायजा
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 30, 2026
बहराइच। पवित्र सावन माह के पहले दिन पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जनपद के प्रसिद्ध सिद्धनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। एसपी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, ड्यूटी प्वाइंट, प्रवेश-निकास मार्ग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को बारीकी से देखा। मंदिर प्रबंधन समिति और पुजारियों से वार्ता कर एसपी ने सावन में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और जलाभिषेक की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से विनम्रता से पेश आएं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। एसपी ने कहा कि सावन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन